मासूम संग जली विवाहिता की मौत, शिशु गंभीर
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : लगभग चार वर्ष पूर्व ही परवान चढ़ा प्रेम कोर्ट मैरिज के बाद रविवार की रात दम
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : लगभग चार वर्ष पूर्व ही परवान चढ़ा प्रेम कोर्ट मैरिज के बाद रविवार की रात दम तोड़ गया। लगभग 25 वर्षीया विवाहिता अपने दो माह के मासूम बच्चे संग गंभीर रूप से जल गई। आग का शोला बनी विवाहिता की चीख-पुकार पर पहुंचे पड़ोसियों ने उसे रात में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जबकि मासूम बच्चे की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। विवाहिता की मां की तहरीर पर पुलिस ने उसकी सास और पति के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन पर दहेज के लिए जलाकर मार डालने का आरोप लगाया गया है। मामला क्षेत्र के कोठिया गांव का है।
गांव के शशिकांत ने आजमगढ़ जनपद के थाना मुबारकपुर अंतर्गत ग्राम अबाड़ी निवासी सीमा के साथ वर्ष 2012 में कोर्ट मैरिज किया था। व्याह के बाद से इस दंपती के तीन वर्षीय एक बच्ची और एक माह का एक बच्चा भी है। बताते हैं कि विवाह के कुछ ही दिनों बाद से इनके प्रेम संबंधों में खटास आने लगी थी। आए दिन झगड़ा-लड़ाई होने लगा था। विवाहिता की मां गुलरा देवी पत्नी नरेश ने बताया कि शशिकांत विवाह के बाद से ही सीमा से 28 हजार रुपये दहेज के रूप में मांगा करता था। इसी बात को लेकर दोनों में लड़ाई हुआ करती थी। पति व सास अक्सर सीमा को मार-पीट देते थे। रविवार की शाम को भी परिवार में झगड़ा हुआ। गुलरा देवी का आरोप है कि झगड़े के बाद पति व सास ने मिलकर उसकी बेटी सीमा के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क कर उसे फूंक दिया। गंभीर रूप से जलने से उसकी अस्पताल पहुंचने के पहले ही मौत हो गई। हालांकि इसके पूर्व उसकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी उसे गंभीर रूप से जली अवस्था में अस्पताल ले जाने का प्रयास कर रहे थे। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। उसके दुधमुंहे बच्चे को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।