गृहस्वामी को घायल कर पांच लाख की लूट
मधुबन (मऊ) : स्थानीय थाना क्षेत्र के बस्तीवर्सी निधियावं गांव में मंगलवार की आधी रात को आधा दर्जन हथ
मधुबन (मऊ) : स्थानीय थाना क्षेत्र के बस्तीवर्सी निधियावं गांव में मंगलवार की आधी रात को आधा दर्जन हथियार बंद बदमाश इंटर कालेज के सेवानिवृत्त क्लर्क के घर पर धावा बोले। क्लर्क को घायल कर उन्होंने नगदी सहित पांच लाख से अधिक के आभूषणों को लूट लिया। इसके बाद वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई।
गांव निवासी लल्लन मिश्र सेवानिवृत्त क्लर्क हैं। वह अपने मकान के बरामदे में सोए थे, उनके बेटे व बहू मकान के उपरी मंजिल पर बने कमरे में सो रहे थे। आधी रात को बेखौफ आधा दर्जन सशस्त्र बदमाश आए और बाहर सो रहे गृहस्वामी पर असलहा सटाकर आतंकित करते हुए उठाया और मारपीट कर अधमरा कर दिया। घर का दरवाजा खोलकर प्रथम मंजिल पर बने कमरे में गए और उनके पुत्र और बहू को असलहा से आतंकित कर घर में रखी नगदी व पांच लाख से अधिक के आभूषणों को लूट कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद भयभीत परिजनों ने आसपास के लोगों को जानकारी और पुलिस को सूचना दी। घायल को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और छानबीन में जुट गई। परिजनों ने आधा दर्जन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।