झंडा भरता है जवानों में जोश
मऊ : पुलिस झंडा दिवस पर रविवार को पुलिस क्वार्टरगार्ड पुलिस लाइन में समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस
मऊ : पुलिस झंडा दिवस पर रविवार को पुलिस क्वार्टरगार्ड पुलिस लाइन में समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ल ने ध्वजारोहरण से इसकी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि झंडा किसी देश का हो या संस्थान, संगठन का, उससे जुड़े लोगों को ऊर्जा प्रदान करता है तथा उनमें जोश भरता है।
उन्होंने बताया कि 23 नवंबर 1962 को उत्तर प्रदेश पुलिस संगठन के लिए ऐतिहासिक दिन था, जब भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश को 'पुलिस कलर' (ध्वज) प्रदान किया। यह ध्वज हमारे चरित्र को दर्शाता है और हमारे गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। इसमें हमने देश सेवा व लोक सेवा में अपने कौशल, शौर्य व कर्तव्यपरायणता का योगदान दिया है। इस ध्वज में सर्वोच्च आत्म बलिदान भी सम्मिलित है।
पुलिसकर्मियों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण
पुलिस झंडा दिवस समारोह के आयोजन के बाद समस्त पुलिस कर्मियों व उनके परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक व डॉ. संजय सिंह ने दीप प्रज्वलन से किया। जांच टीम में डॉ. सिंह के अलावा डॉ. एकिका सिंह ने पुलिसकर्मियों के परिवार की महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक हिदायतें दीं। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक तेजस्वरूप सिंह, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक के साथ पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
मुहम्मदाबाद गोहना प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय कोतवाली में भी झंडा दिवस मनाया गया। यहां पर कोतवाली प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने झंडारोहण किया। इस मौके पर सारे पुलिस कर्मी उपस्थित थे।
हलधरपुर प्रतिनिधि के अनुसार पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर रविवार को हलधरपुर थाने में उल्लासपूर्वक झंडा दिवस मनाया गया। यहां पर भी थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने झंडारोहण किया और पुलिस कर्मियों के इसकी महत्ता के विषय में बताया।