कड़ी सुरक्षा के बीच हुई गोवर्धन पूजा
नौसेमरघाट /कोपागंज (मऊ) : विरोध व नोंकझोक के बीच पुलिस व प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को इ
नौसेमरघाट /कोपागंज (मऊ) : विरोध व नोंकझोक के बीच पुलिस व प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को इटौरा डोरीपुर में गोवर्धन पूजा संपन्न कराई। पूजा के दौरान तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार घोसी तथा थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह मय पुलिस बल एवं एक टुकड़ी पीएसी के साथ पूरे समय मौजूद रहे।
इटौरा-डोरीपुर में एक पक्ष के श्रीराम एडवोकेट के घर के सामने गोवर्धन पूजा होती है। गोवर्धन पूजा स्थल को अपनी जमीन बताते हुए उन्होंने सिविल कोर्ट में मुकदमा दायर किया है। याची का कहना है कि कोर्ट ने उक्त स्थल पर पूजा न कराए जाने का स्थगन आदेश भी दिया है। उधर गांव के मल्लाह पुरा के ग्रामीण उसी स्थल पर डीह स्थान बताते हुए पूजा करते चले आ रहे हैं। वे इसे परंपरागत पूजा स्थल बताते हैं। बहरहाल प्रशासन परंपरा का निर्वहन कराते हुए प्रत्येक वर्ष उक्त विवादित स्थल पर ही पूजा संपन्न कराता है। शुक्रवार को भी एक पक्ष के विरोध के बावजूद प्रशासन ने परंपरा को मानते हुए उक्त स्थल पर ही गोवर्धन पूजा संपन्न करवाया। इस मौके पर भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान तहसील के अधिकारियों संग मौजूद रहे।