घरों में घुसा बाढ़ का पानी, पलायन शुरू
मधुबन (मऊ) : स्थानीय तहसील क्षेत्र के चक्की मुसाडोही को घाघरा की बाढ़ ने अब पूरी तरह से अपने आगोश में ले लिया है। सैकड़ों घरों में पानी घुस जाने से तेजी के साथ पलायन शुरू हो गया है। पूरे गांव में बाढ़ के चलते तबाही का आलम है।
क्षेत्र का चक्कीमुसाडोही घाघरा की बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित है। इस गांव के विद्यालय, पंचायत भवन, हास्पिटल सहित नवका टोला, गुजराती, लल्लन, बेचू, नवमी का पुरा में रहने वाले रामाश्रय, मोती, सीताराम, मुन्ना, अमर, विश्वनाथ, शिऊ, शिवचंद, बब्बन, भोला सहित सैकड़ों ग्रामीणों के घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने से इनमें दहशत मच गई है। लोग आवश्यक सामानों को समेटकर पलायन करना शुरू कर दिए है। गांव में प्रशासन द्वारा अभी तक केवल नाव की व्यवस्था की गई है तथा मिट्टी तेल का कोटा बढ़ाने की कवायद की जा रही है। इस बाढ़ के चलते सबसे अधिक पशुओं को दिक्कत हो रही है।
इनसेट--
बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में स्कूल बंद
देवारा में घाघरा के बाढ़ की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के सभी स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है। फतहपुर मंडाव के खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार यादव ने बताया कि न्याय पंचायत दुबारी, गजियापुर में स्थित बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के सभी विद्यालय अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिए गए हैं तथा अध्यापकों को न्याय पंचायत केंद्र पर तथा प्रधानाध्यापक को अभिलेखों को सुरक्षित रखने का निर्देश किया गया है।