अखिलेश की गिरफ्तारी सपा का होलीगेट पर प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, मथुरा: औरैया में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने को लेकर भाजप
जागरण संवाददाता, मथुरा: औरैया में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने को लेकर भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक उठापटक का असर यहां भी देखने के लिए मिला। गुरुवार दोपहर को औरैया जा रहे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उन्नाव में गिरफ्तारी की खबर पर पार्टी नेता सड़कों पर उतर आए। होलीगेट चौराहे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रतीकात्मक पुतला दहन करते हुए तानाशाह शासक होने का भी दोषारोपण किया।
औरैया में जिला पंचायत के अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद दुबारा चुनाव हो रहा है। भाजपा औरैया जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। बुधवार को पुलिस ने एक मुकदमें पूर्व सांसद प्रदीप यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गुरुवार को प्रदीप यादव से मुलाकात करने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव औरैया के लिए जा रहे थे। उन्हें उन्नाव में पुलिस ने रोक लिया और नबावगंज सर्किट हाउस में नजरबंद कर दिया। उनके साथ सपा के अन्य नेता भी थे। इसकी खबर लगते ही स्थानीय सपा नेता भी आक्रोशित हो गई। सपा नेता ने पहले डीगगेट पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किए जाने का कार्यक्रम तय किया गया, लेकिन पुलिस के सक्रिय होने से सपा नेताओं ने अपना इरादा बदल लिया। वे होलीगेट पर एकत्र हो गए और आनन-फानन में मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर नारेबाजी कर चले गए । सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव प्रदीप चौधरी ने बताया कि भाजपा सरकार तानाशाही पर उतर आई है। सपा नेताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। इसे पार्टी कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी मुखिया को रिहा किए जाने की संदेश मिलने के बाद आक्रोश थमा। सपा नेता जागेश्वर यादव, भारत भूषण, सौरभ चौधरी, मुन्ना मलिक, अरुण दीक्षित, राजन रिजवी मौजूद रहे।