गो रक्षा को कड़े कानून की जरूरत: बाबा रामदेव
कोसीकलां (मथुरा): योग गुरू बाबा रामदेव ने कहा है कि जैसे सभी लोगों के लिए मां आराध्य होती है, उसी प्
कोसीकलां (मथुरा): योग गुरू बाबा रामदेव ने कहा है कि जैसे सभी लोगों के लिए मां आराध्य होती है, उसी प्रकार प्रत्येक देशवासी को गोमाता और गंगा मैया का सम्मान करना चाहिए। भाजपा की अधिकांश प्रदेशों में सरकार है। अब गो हत्या को लेकर कड़ा कानून बनाना चाहिए। कानून के जरिए ही देश में गो माता की हत्या जैसे जघन्य अपराध पर रोक लग सकेगी।
बाबा रामदेव शनिवार शाम यूपी-हरियाणा बॉर्डर स्थित देवी चित्रलेखा के गो सेवा धाम अस्पताल में आयोजित गो महामहोत्सव के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। कहा कि आने वाले समय में गाय के दूध की नदियां बहेंगी। उन्होंने लोगों से अपने घरों में देशी गाय की सेवा करने का आह्वान भी किया। बताया कि देशी नस्ल की गाय का दूध पीने से एटू नामक पौष्टिक तत्व होता है, जबकि विदेशी गाय का लगातार दूध पीने से कैंसर जैसी बीमारी होने का खतरा हो सकता है।
योग गुरु ने कहा कि देश के बड़े-बड़े घराने और सामाजिक संस्थाएं जहां गोवंश की सेवा के लिए आगे आ रही हैं, वहीं देवी चित्रलेखा ने भी गो सेवा धाम अस्पताल का निर्माण कर असहाय, बीमार और लाचार गोवंश की रक्षा करने का संकल्प लिया है। इससे पूर्व बाबा रामदेव, देवी चित्रलेखा, टीकाराम , प्रत्यक्ष शर्मा, आचार्य लोकेश मणि, देवकी नंदन, राधाकृष्ण, प्रदेश गोसेवा आयोग के चेयरमैन भानीराम मंगला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर गो महामहोत्सव का शुभारंभ किया।