दुर्गा पूजा महोत्सव को तैयार हो रहीं देवी प्रतिमा
जागरण संवाददाता, वृंदावन: शारदीय नवरात्र पर कृष्ण की नगरी में मां भगवती की आराधना भक्तिभाव से होगी।
जागरण संवाददाता, वृंदावन: शारदीय नवरात्र पर कृष्ण की नगरी में मां भगवती की आराधना भक्तिभाव से होगी। इसके लिए मंदिरों, मुहल्ले और कालोनियों में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शहर में करीब दर्जनभर इलाकों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर दुर्गा पूजा महोत्सव मनाया जाएगा। वहीं मूर्तिकार भी अपने हुनर को अंजाम देने में कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
पागल बाबा मंदिर के समीप हर साल मां दुर्गा की प्रतिमा तैयार करने वाले तपन ने बताया कि करीब 15 दिन का समय उन्हें मां दुर्गा की प्रतिमाएं बनाने में लगता है। शुरूआत लकड़ी के फ्रेम पर फूस को बांधकर की जाती है। इसके ऊपर मिट्टी का लेपन कर प्रतिमा को आकार दिया जाता है। फिर रंग देकर मां भगवती को वस्त्र धारण करवाने के साथ ही श्रृंगार भी खुद तपन ही करते हैं।
-7 अक्टूबर से सजेंगे मां के दरबार
दुर्गा पूजा महोत्सव 7 अक्टूबर से शुरू होंगे। प्रतिमा स्थापना के साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होंगे।
-मंदिरों में शुरू हुई तैयारियां
राधाबाग स्थित मां कात्यायनी मंदिर, राजपुर स्थित चामुंडा देवी मंदिर, मथुरा दरवाजा स्थित पथवारी मंदिर और सर्राफा बाजार स्थित कैला देवी मंदिर में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मंदिरों में रंग-रोगन का काम तेजी पर है। आधुनिक प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा अनेक धार्मिक अनुष्ठान शारदीय नवरात्र के दौरान देवी मंदिरों में आयोजित होंगे।