आइटी के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा उप्र: पांडे
जागरण संवाददाता, वृंदावन (मथुरा) : प्रदेश के सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री मनोज पांडे ने कहा कि
जागरण संवाददाता, वृंदावन (मथुरा) : प्रदेश के सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री मनोज पांडे ने कहा कि प्रदेश सरकार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। लखनऊ में आइटी हब बनाने का काम जोरों पर चल रहा है, करीब 75 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है, दुनियाभर से निवेशक भी उत्तर प्रदेश में निवेश करने में उत्साह दिखा रहे हैं।
ठा. बांकेबिहारजी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्री पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश आइटी के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने जा रहा है। जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर पैदा होंगे और आइटी एक्सपर्ट जो विदेश में रोजगार के अवसर देख रहे हैं, वह अब उत्तर प्रदेश छोड़कर बाहर नहीं जा सकेंगे। प्रदेश में कानून व्यवस्था के सवाल पर श्रीपांडे ने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से पुख्ता है। पूरे प्रदेश में विकास कार्य जोरों पर चल रहे हैं। आगरा से लखनऊ एक्सप्रेस-वे का काम हो या गांवों को जोड़ने वाली सड़कें, हर जगह विकास के कार्य तेजी के साथ चल रहे हैं।
उन्होंने कहा मुख्यमंत्री का ब्रज के विकास पर पूरा जोर है, यमुना में स्वच्छ जल प्रवाहित हो और घाटों के जीर्णोद्धार के साथ नए घाटों का निर्माण कार्य आरंभ हो चुका है, बरसाना और गोवर्धन में भी प्रदेश सरकार कई योजनाएं श्रद्धालुओं और स्थानीय बा¨शदों की सहूलियत के लिए ला रही है।
रालोद के साथ गठबंधन के सवाल पर श्री पांडे ने कहा कि यह निर्णय शीर्ष नेतृत्व को लेना है, वह जो निर्णय लेंगे पार्टी और सरकार के हित में होगा। उन्होंने कहा विधानसभा चुनाव में सपा एकबार फिर 2012 का इतिहास दोहराने जा रही है। इससे पूर्व श्री पांडे ने ठा. बांकेबिहारीजी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। सपा जिलाध्यक्ष तुलसीराम शर्मा मौजूद रहे।