वृंदावन पालिका में जुड़ेंगे पांच और गांव
जागरण संवाददाता, मथुरा: वृंदावन नगर पालिका को ए श्रेणी की पालिका बनाए जाने को शासन के साथ स्थानीय प्
जागरण संवाददाता, मथुरा: वृंदावन नगर पालिका को ए श्रेणी की पालिका बनाए जाने को शासन के साथ स्थानीय प्रशासन भी खासी रुचि दिखा रहा है। पालिका सीमा विस्तार का एक और प्रस्ताव तैयार हो रहा है। इसके लिए लेखपालों का दल वृंदावन पालिका में शामिल होने वाले गांवों का सर्वे कर रहा है।
शासन की योजना वृंदावन पालिका का सीमा विस्तार कर संगठित विकास करने की है। इसके लिए शासन ने पूर्व में प्रशासन से प्रस्ताव मांगा था। तब जैंत, छटीकरा, सुनरख बांगर, आटस बांगर, वृंदावन बांगर का देहात, राजपुर बांगर, राजपुर खादर, तेहरा, अल्हेपुर समेत बारह गांवों को शामिल करते हुए शासन को प्रस्ताव भेजा था। लेकिन, शासन के निर्देश पर जहांगीरपुर, बेगमपुर, डांगौली, अर्रुआ खादर और पानीगांव को आंशिक शामिल करने का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। गौरतलब है, जनपद के गोवर्धन और राधाकुंड नगर पंचायत के सीमा विस्तार का एक प्रस्ताव भी शासन को भेजा जा चुका है।
वृंदावन से सटा भाग होगा शामिल
पालिका सीमा विस्तार को तैयार किए जा रहे नए प्रस्ताव की बावत वृंदावन पालिका के अधिशाषी अधिकारी रामआसरे कमल का कहना है कि नए प्रस्ताव में अब जहांगीरपुर, बेगमपुर, डांगोली, अर्रुआ खादर के अलावा पानीगांव के उन गाटाओं को शामिल किया जा रहा है, जो वृंदावन से सटे हुए हैं।