श्रद्धालुओं की ट्रॉली पलटी, 16 घायल
मथुरा (छाता): नरी-सेमरी देवी मंदिर में रविवार सायं दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली में हर
मथुरा (छाता): नरी-सेमरी देवी मंदिर में रविवार सायं दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली में हरियाणा रोडवेज बस ने गांव अकबरपुर के निकट हाईवे पर टक्कर मार दी। ट्रॉली के नीचे दबकर 16 श्रद्धालु घायल हो गए और एक की हालत चिंताजनक है। हादसे से आक्रोशित भीड़ ने बस में तोड़फोड़ करआग लगाने का प्रयास किया और हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक लगे जाम में हजारों वाहन फंस गए थे। छाता, कोसी और वृंदावन थानों से गए पुलिस बल ने भीड़ को काबू में करके यातायात सामान्य कराया।
नगला बृजा के श्रद्धालु नरी-सेमरी देवी मंदिर में दर्शन करके ट्रैक्टर-ट्रॉली से मथुरा लौट रहे थे। गांव अकबरपुर के समीप हरियाणा रोडवेज की बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। ट्रॉली पलटने से उसमें सवार 20 श्रद्धालु उसके नीचे दब गए। श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों के साथ-साथ अन्य श्रद्धालु भी आ गए और लोगों ने ट्रॉली को सीधा करके श्रद्धालुओं को निकाला। हादसे से गुस्साई भीड़ ने हरियाणा रोडवेज में तोड़फोड़ की और बस में आग लगाने का भी प्रयास किया। नरी-सेमरी मेला के मद्देनजर हाईवे पर यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस बल तैनात न होने पर भड़की भीड़ ने हाईवे पर जाम लगा दिया। हालात बेकाबू होने पर वृंदावन और कोसीकलां से अतिरिक्त पुलिस बल को भेजा गया। शेरगढ़ पुलिस भी बुला ली गई। पुलिस के वाहन भी जाम में फंस गए। घायलों को इलाज के लिए केडी मेडिकल हास्पीटल में भर्ती कराया गया। श्रद्धालु जसवंत सिंह की हालत गंभीर हैं। करीब एक घंटे तक लगे हाईवे पर जाम में हजारों वाहन फंस गए थे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करके बस चालक के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही भीड़ हाईवे से हटी और यातायात सामान्य हो सका। एसएसआइ छाता ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे की रिपोर्ट कराई जा रही है।