अंडर ग्राउंड तार हैं जमीन के ऊपर
जागरण संवाददाता,मथुरा: डीग गेट स्थित अहेरियान मुहल्ला में समस्याओं का अंबार लगा है। सफाई कर्मी न आने
जागरण संवाददाता,मथुरा: डीग गेट स्थित अहेरियान मुहल्ला में समस्याओं का अंबार लगा है। सफाई कर्मी न आने से नालियां ओवरफ्लो रहती हैं। गंदा पानी सड़कों पर ही बहता रहता है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। वर्षा होने पर तो स्थिति बहुत ही खराब हो जाती है। गलियों में बिजली के तार झूल रहे हैं। अंडर ग्राउंड बिजली तार गलियों में ही खुले पड़े हैं। आए दिन लोग इनकी चपेट में आकर चोटिल हो जाते हैं।
गलियों में स्ट्रीट लाइट न होने के कारण सायं होते ही अंधेरा छा जाता है। रात्रि में निकलना मुश्किल हो जाता है। क्षेत्र में समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। न तो प्रशासन ही ध्यान दे रहा है और न नेता। चुनाव के समय आश्वासन देने वाले नेता चुनाव के बाद नजर नहीं आते हैं। क्षेत्र में समस्याएं पैर पसार रही हैं।
नईम कहते हैं कि सफाई कर्मी नजर नहीं आते हैं। नालियां ओवरफ्लो रहती हैं। गंदा पानी सड़कों पर ही बहता रहता है। वर्षा के दिनों में तो और परेशानी बढ़ जाती है। समस्याओं के समाधान पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सफाई न होने के कारण गंदगी के ढेर लग जाते हैं। बदबू के कारण जीना मुश्किल हो जाता है।
जाहिद कहते हैं कि बिजली के तार डालने के लिए गड्ढे तो खोद दिए गए लेकिन इन्हें दुरुस्त नहीं किया गया है। यह गड्ढे हादसों का कारण बनते जा रहे हैं। रात्रि में आए दिन लोग चोटिल होते रहते हैं। गलियां में अंधेरा रहने के कारण निकलना भी मुश्किल हो जाता है। छोटी-छोटी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं और लोगों का जीना मुश्किल हो जाता है।
अकील अंसारी कहते हैं कि गलियों में कई जगह बिजली के तार झूल रहे हैं। हादसों का डर सताता रहता है। न तो चलने के लिए सड़क हैं और न पीने के लिए पेयजल। विकास का केवल हल्ला तो मचाया जा रहा है लेकिन धरातल पर विकास के नाम पर केवल लकीर पीटी जा रही है। नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पाती हैं। गर्मी आते ही बिजली भी रुलाने लगी है।
सलमान कहते हैं कि गलियों में स्ट्रीट लाइट न होने के कारण सायं होते ही गलियां अंधेरे में डूब जाती हैं। आए दिन बच्चे चोटिल होते रहते हैं। नेता चुनाव के समय बड़े-बड़े आश्वासन देकर जाते हैं और चुनाव के बाद नजर नहीं आते हैं। लोगों का विश्वास तोड़ना इनकी आदत बन चुकी है। हर बार विकास का आश्वासन देकर वोट ले लेते हैं और चुनाव के बाद दिखाई नहीं देते हैं।
कराई जाएगी सफाई
पालिकाध्यक्ष मनीषा गुप्ता का कहना है कि जन समस्याओं का समाधान लगातार कराया जा रहा है। मुहल्ला अहेरियान में सफाई कराई जाएगी। क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा विकास कराने का प्रयास किया जा रहा है। सड़कों की समस्या का समाधान कराया जा रहा है।