तेवर दिखाने लगे सूर्यदेव
जागरण संवाददाता, मथुरा: सर्दी का सितम थमा तो बारिश ने मोर्चा संभाल लिया और अब जैसे ही बारिश की रफ्ता
जागरण संवाददाता, मथुरा: सर्दी का सितम थमा तो बारिश ने मोर्चा संभाल लिया और अब जैसे ही बारिश की रफ्तार रुकी है तो सूरज अपने तेवर दिखाने लगे हैं। दिन रोज तापमान बढ़ता ही जा रहा है। स्थिति यह है कि करीब एक हफ्ते पहले तक बड़ी सुहानी लगने वाली धूप अब शरीर को चुभने लगी है। गर्मी बढ़ने के साथ ही मच्छरों की सेना भी तैयार हो गई है। घरों-दफ्तरों में पंखे, फ्रिज चालू हो चुके हैं।
इस बार सर्दियों का असर कुछ ज्यादा दिनों तक रहा। लोग इससे खुश थे, लेकिन सर्दियां जैसे ही थमी तो बारिश ने ठंडे मौसम की उम्र और भी बढ़ा दी। लेकिन अब मौसम साफ है और तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। गर्मी का मौसम आते ही लोगों की दिनचर्या भी बदलने लगी है। अमूमन लोग देर रात तक सोने और सुबह जल्दी जगने लगे हैं। धूप इतनी तीखी हो चुकी है कि पांच मिनट ठहरना भी मुश्किल हो गया है।
गरम होते मौसम में लोगों की सेहत नासाज हो चली है। उल्टी-दस्त, बुखार, जुकाम-खांसी आदि बीमारियों का इस समय जमकर प्रकोप फैला हुआ है। इसीलिए अस्पतालों में भी रोगियों की लाइन बढ़ने लगी है।
संभागीय कृषि परीक्षण केंद्र राया के प्रभारी श्यामसुंदर शर्मा ने बताया कि गुरुवार को न्यूनतम तापमान जहां 16 डिग्री सेल्सियस तक रहा, वहीं अधिकतम पारा 33 डिग्री पर जा पहुंचा और आर्द्रता 70 फीसद दर्ज की गई है।