हेमा आज कहेंगी-ज्वाइन भाजपा, सपोर्ट मोदी
जागरण संवाददाता, मथुरा: सांसद हेमामालिनी लोगों को भाजपा से जोड़ने के लिए शुक्रवार को मैदान में उतरेंग
जागरण संवाददाता, मथुरा: सांसद हेमामालिनी लोगों को भाजपा से जोड़ने के लिए शुक्रवार को मैदान में उतरेंगी तो मयूर विहार बूथ सबका ध्यान खींचेगा। राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा जतीपुरा में ऑनलाइन सदस्य बनाएंगे।
जनपद के 35 मंडलों में स्थित 1750 बूथों पर पार्टी ने नेता व कार्यकर्ता लगाए हैं। बूथ प्रवासी बनाए गए हैं, जो अगले तीन दिन यानी 21 दिसंबर तक ऑन लाइन सदस्यता करेंगे। कार्यक्रम के तहत सांसद हेमा मालिनी छावनी क्षेत्र के मयूर विहार में सदस्य बनाएंगी तो राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा जतीपुरा के बूथ संख्या 40 पर मौजूद रहेंगे। जिलाध्यक्ष डा. डीपी गोयल जनरल गंज बूथ पर सदस्यता कराएंगे।
सदस्यता प्रभारी रघुवर तोमर ने बताया कि ये पहली बार हो रहा है, जब मोर्चा व प्रकोष्ठों को भी सदस्यता अभियान में लगाया गया है। लखनऊ कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सवा लाख सदस्य पहले ही ऑनलाइन बनाए जा चुके हैं। जिला नेतृत्व उम्मीद कर रहा है कि इन तीन दिनों में इतने ही और सदस्य बन सकते हैं। ऑन लाइन सदस्य बनाने का रिकॉर्ड अलग से बन रहा है, जो नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराना है। इसी के आधार पर उनकी सक्रियता तय होगी। मीडिया प्रभारी राम किशन पाठक के अनुसार शुक्रवार से शुरू हो रहे तीन दिनी अभियान की पूरी तैयारी कर ली गयी है।