मूर्ति विसर्जन को टीम ने देखे स्थल
जागरण संवाददाता, मथुरा: यमुना में मूर्तियों का विसर्जन नहीं होने देने के लिए प्रशासन ने प्रयास अभी खत्म नहीं किए हैं। यमुना में विसर्जन रोकने के विकल्प खोजने को निकले अधिकारियों ने चार स्थान देखे।
यमुना में मूर्ति विसर्जन हर हाल में रोकने के शासन के आदेश पर जिला प्रशासन अब प्रयास में जुट गया है। इसी आदेश के अनुपालन को एडीएम कानून व्यवस्था सुरेंद्र कुमार शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, सीओ सिटी अनिल कुमार यादव और गणेश प्रतिमा स्थापित करने वाली समितियों के कई आयोजक एक साथ सोमवार शाम को निकले। इस दौरान इस टीम ने सबसे पहले यमुना पार में नगला कोल्हू की जगह देखी। यहां से गोकुल बैराज फिर मसानी और फिर गऊ घाट पर स्थल देखे। इनमें से मसानी और गोकुल बैराज के स्थल टीम और समितियों के सदस्यों ने चयनित किए। इसके बाद इन स्थलों को दुरुस्त कराने का कार्य शुरू कर दिया गया।
हालांकि इन स्थलों के संबंध में अंतिम निर्णय लेने का कार्य जिलाधिकारी बी चंद्रकला करेंगी। इस संबंध में तीन सितंबर को दोपहर दो बजे से कलक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में बैठक बुलाई है।