छाता ब्लॉक के कैशियर की पिटाई कर फाड़ी कैश रसीद
जागरण संवाददाता, मथुरा: छाता विकास खंड अधिकारी के कार्यालय में रनवारी के ग्राम प्रधान ने शुक्रवार को अपने साथी के साथ कैशियर से मारपीट कर कैश की रसीदें फाड़ डाली। खंड विकास अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके ग्राम प्रधान और उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
छाता कोतवाली के गांव रनवारी ग्राम पंचायत के प्रधान पदम सिंह की पूर्व में की गई शिकायत पर उसके वित्तीय अधिकार समाप्त कर दिए गए थे और बस्ता भी जमा हो गया था। अधिकार बहाल होने पर शुक्रवार को ग्राम प्रधान अपने एक अन्य साथी के साथ ब्लॉक कार्यालय गया और कैशियर से बस्ता मांगा। बस्ते में धनराशि निकासी से संबंधित कागजात नहीं थे। उसने कैशियर कृष्ण कुमार वर्मा से धनराशि निकासी संबंधी दस्तावेज मांगे थे। उसने देने से इंकार दिया। इसके बाद प्रधान संबंधित बैंक गया और बैंक ने भी डाक से कागजात भेजने को कहते हुए प्रधान को वापस कर दिया। बैंक से कागजात न मिलन पर गुस्साएं प्रधान ने कैशियर से जबरन कागजात मांगे। देने से इंकार करने पर कैशियर की प्रधान ने पिटाई कर दी और कैश की रसीदें फाड़ डाली। खंड विकास अधिकारी ने रनवारी ग्राम पंचायत के प्रधान पदम सिंह और उसके साथी के खिलाफ कोतवाली छाता में रिपोर्ट कराई। सीओ छाता अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने प्रधान और उसके साथी को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया।