अमेरिका में भी उठेगा यमुना का दर्द
जागरण संवाददाता, मथुरा (वृंदावन): यमुना का दर्द अब सात समंदर पार भी गूंजेगा। अमेरिका में चलाए गए अभियान के बाद अप्रवासी भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात में इस मुद्दे को उठाएंगे। भागवताचार्य देवकीनंदन ने अमेरिका में यमुना शुद्धीकरण मिशन चलाया। जिसमें अप्रवासी भारतीयों ने अभियान में सहयोग का संकल्प भी लिया।
छटीकरा मार्ग स्थित शांति सेवा धाम में बुधवार को पत्रकारों से रूबरू देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि डेढ़ माह प्रवास के दौरान कैलिफोर्निया, सैटल, वाशिगटन, टैक्सास, यूएसए, न्यू जर्सी तथा कनाडा में अप्रवासी भारतीयों तथा भारतीय संस्कृति में आस्था रखने वाले अमेरिका वासियों को योगीराज श्रीकृष्ण एवं सनातन धर्म के संदेशों से अवगत कराया। साथ ही अप्रवासी भारतीयों को यमुना की पीड़ा से रूबरू कराया तो यमुना प्रेमी सैकड़ों हृदय द्रवित हो उठे। उन्होंने बताया कि सभी श्रोताओं ने यमुना रक्षा के लिये सहयोग का संकल्प लिया। इसके अलावा सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अमेरिका में होने वाली मुलाकात के दौरान अप्रवासी भारतीय यमुना के दर्द को उठाएंगे। विश्व शान्ति सेवा चैरिटेबल मिशन द्वारा यमुना प्रदूषण मुक्ति को लेकर यूएसए के विभिन्न स्थानों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। संकल्प पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे के दौरान उन्हें सौंपा जाएगा।