बुजुर्ग दंपति का 'बेटा' बन हड़पीं 21 लाख की पॉलिसी
जागरण संवाददाता, मथुरा: संतानहीन बुजुर्ग दंपति के लिए सहारा बना दगाबाज निकला। बीमा कंपनी मैनेजर ने पहले तो उनका बेटा बन पॉलिसी कराईं और फिर अपनी कारस्तानी से उनकी 21 लाख की रकम हड़प ली। इस रकम से प्रेमिका के साथ आगरा के होटलों में खूब गुलछर्रे उड़ाए। एक महीने की मशक्कत के बाद पुलिस ने इस 'नटवरलाल' को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
जनरलगंज क्षेत्र निवासी दिनेश चंद गर्ग बांट-माप निरीक्षक पद से तथा उनकी पत्नी मिथलेश चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज से शिक्षिका पद से वर्ष 2007 में रिटायर्ड हुई थीं। इनके कोई संतान नहीं है। वर्ष 2007 में इनके संपर्क में शहर में स्थित आइसीआइसीआइ प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस का तत्कालीन मैनेजर अमित सक्सेना आया। उसने पहले बेटा बनकर बुजुर्ग दंपति का विश्वास जीता, बीमा पॉलिसी में निवेश करने की सलाह दी। दंपति ने उसके कहने पर आइसीआइसीआइ, कोटक महिंद्रा, एसबीआइ इंश्योरेंस में पॉलिसी करा दी। जिनकी प्रतिवर्ष किस्त एक लाख रुपये जमा होती थी। इसी बीच अमित सक्सेना ऑफिस की एक युवती के प्रेम जाल में फंस गया। पहले से ही शादीशुदा अमित प्रेमिका के साथ अक्सर आगरा के महंगे होटल में गुलछर्रे उड़ाने लगा। इसके लिए अतिरिक्त धन की जरूरत हुई। पुलिस के अनुसार, अमित ने बुजुर्ग दंपति द्वारा कराई गई पॉलिसी को हड़पने की साजिश रची। मूल पॉलिसियों को खोया हुआ दिखाकर अपने नए मोबाइल नंबर बीमा कंपनियों में फीड करा दिए। स्पीड पोस्ट के डिलीवरी ब्वायय से पहले ही संपर्क कर लिया, ताकि पॉलिसी बुजुर्ग दंपति तक न पहुंच सकें।
इसके बाद अमित ने पेंशन का लाभ दिलाने को बीमा पॉलसियों का करंट स्टेटस चेक कराने के बहाने दंपति से असल पॉलिसी हासिल कर ली। कुछ दिन बाद उन्हें फर्जी पॉलिसी थमा दी। अपने फर्जी खातों में पॉलिसियों की रकम को ट्रांसफर कराता रहा। रकम खाते में आने के बाद वह प्रतिदिन 25 से 30 हजार रुपये एटीएम से निकालता था। इसके बाद उसने वर्ष 2009 में नौकरी छोड़ दी। उसने वाटर प्लांट, शेयर कारोबार में पैसा लगाया, जो डूब गया। इसी दरम्यान प्रेमिका को खुश करने के लिए उसकी शादी में खूब खर्चा किया।
सीओ सिटी अनिल यादव ने बताया कि बुजुर्ग दंपति ने कोतवाली में एक महीने पहले अमित सक्सेना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच उपनिरीक्षक रणजीत सिंह को सौंपी गई। पुलिस ने बताया कि बुधवार को आरोपी को आनंदधाम कॉलोनी स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।