गांधी की शरण में भाजपा ने की कांठ की खिलाफत
जागरण संवाददाता, मथुरा: भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की शरण में धरना-प्रदर्शन कर मुरादाबाद जनपद के कांठ कांड की निंदा की। कहा गया, प्रदेश सरकार की तुष्टिकरण पूर्ण और दमनकारी नीतियों से सूबे में अराजकता पैदा होगी। स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा की लड़ाई पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी।
विकास बाजार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे इस कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष हरद्वार दुबे ने कहा कि कांठ में पुलिस प्रशासन के इशारे पर भाजपाइयों को हर तरह से काफी परेशान किया गया। प्रदेश में अराजकता के माहौल को भाजपा स्वीकार नहीं करेगी। जनता की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करने का दायित्व हमारे ऊपर है। जिलाध्यक्ष डॉ. डीपी गोयल ने कहा कि दमनकारी होश में नहीं आये तो कार्यकर्ता उन्हें होश में ला देंगे। कार्यकर्ता उत्पीड़न को सहन नहीं करेगा। वरिष्ठ नेता बांके बिहारी माहेश्वरी व पदम सिंह शर्मा ने कहा कि केंद्र में मोदी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद से ही भाजपा विरोधी शक्तियां कार्यकर्ताओं को परेशान करने पर तुल गई हैं। वरिष्ठ नेता अजय कुमार पोइया और प्रणतपाल सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में कहीं कानून-व्यवस्था नजर नहीं आती। हर रोज बड़ी आपराधिक वारदातें हो रही हैं। वरिष्ठ नेता तेजवीर सिंह, गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, वीरेंद्र अग्रवाल और रविंद्र पांडेय ने यहां कट्टीघर चलने का मसला उठाया और कहा कि हिंदू समाज को परेशान करने की हर तरह से साजिश रची जा रही है। धरने के बाद डिप्टी कलेक्टर जयशंकर त्रिपाठी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर राधा किशन खंडेलवाल, रघुवर तोमर, सीएस पाराशर, डॉ. डीएन गौतम, बिजेंद्र नागर, सत्यपाल सिंह, दीपा अग्रवाल, प्रदीप गोस्वामी, भानु प्रताप सिंह, बबिता बंसल, मुकेश आर्य बंधु, गिर्राज वशिष्ठ, राम किशन पाठक, काजल शर्मा, घनश्याम हरियाणा, गोपाला चतुर्वेदी, सुमित शर्मा, रामदास चतुर्वेदी, राजदर्शन, धर्मवीर शर्मा, अश्वनी माहेश्वरी, जीएस कश्यप, संतोष, महिपाल ंिसह, गोविंद बंसल, छाया रावत, किशोर वाल्मीकि, मनोज उपाध्याय, मीनाक्षी अग्रवाल आदि नेता-कार्यकर्ता थे।
कई बड़े चेहरे नजर नहीं आये
धरना प्रदर्शन के दौरान पार्टी के कई बड़े चेहरे नजर नहीं आये। एक धड़े के नेता-कार्यकर्ता भी गायब थे। महामंत्री रविंद्र पांडेय ने बताया कि कई बड़े चेहरे मुरादाबाद के कांठ गये हैं।
तो वाटर टैक्स पर भी हो चर्चा
जब जनसमस्याओं पर नेता प्रदेश सरकार को कोस रहे थे तो एक वरिष्ठ नेता ने भाजपा के मथुरा नगर पालिका बोर्ड द्वारा वाटर टैक्स में की जा रही अनाप-शनाप वृद्धि की निंदा की और कहा कि इससे पार्टी का वोटर अधिक परेशान होगा। नगर पालिका बोर्ड इस बारे में शासनादेश को मानने के लिये बाध्य नहीं है, क्योंकि नगर पालिका स्वयं भी उप विधि बनाती है।