वृंदावन में निकाली संस्कृत शोभायात्रा
जागरण संवाददाता, मथुरा (वृंदावन): संस्कृत भारती के तत्वावधान में शनिवार को नगर में संस्कृत शोभायात्रा निकाली गई। सैकड़ों छात्रों व स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ संस्कृत की इस अनूठी शोभायात्रा में हिस्सा लिया। शोभायात्रा में 'जयतु-जयतु संस्कृत भाषा' व 'लोकसभायां संस्कृत भाषा' आदि अनेक उद्घोष के साथ वृंदावन की गलियां गुंजयामान हुई। संस्कृत भाषा को बोलचाल की भाषा बनाने के प्रयासों के तहत बारह दिनों से चले रहे संस्कृत शिक्षक प्रशिक्षण वर्ग में प्रशिक्षणार्थियों के द्वारा शोभायात्रा निकाली गई थी। परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्यामंदिर से आरंभ होकर विभिन्न स्थानों से होते हुये यमुना नदी के चीरघाट पहुंची।
चीरघाट पर मौजूद विद्यार्थियों और नागरिकों ने यमुना को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया, यमुना के आसपास पड़े कूड़े को साफ किया गया। संस्कृत भारती के इस संस्कृत शोभायात्रा तथा यमुना स्वच्छता अभियान को प्रांत संगठन मंत्री श्रवण कुमार, वर्गाधिकारी डॉ.देवेंद्र चैतन्य, नगर संघ चालक दासबिहारी अग्रवाल, शिक्षक प्रमुख डॉ.दाताराम पाठक, भाग्यवती, लक्ष्मीकांत शर्मा, मधूसूदन, गोविंद शास्त्री, ब्रजेश पाठक के साथ भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र मुंबई के पूर्व वैज्ञानिक डॉ.एचसी अरोड़ा, दिल्ली विश्व विद्यालय के पूर्व उपप्राचार्य डॉ. सुदेश अरोड़ा, संस्कार भारती के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल शर्मा, चंद्र प्रकाश, आचार्य राघवेंद्र, शिवओम शर्मा, बृजेंद्र शर्मा, मानपाल सिंह, आदि लोग उपस्थित रहे।