आधी आबादी झोंकेगी पूरी ताकत
जागरण संवाददाता, मथुरा: लोकसभा चुनाव के लिये आज होने वाले मतदान में ताकत झोंकने को आधी आबादी कहलाने वाली महिलाएं बेकरार हैं। ये किसी भी राजनीतिक दल के प्रत्याशी की चुनावी नैया पार लगाने और डुबोने की ताकत रखती हैं। यही कारण कि चुनाव प्रचार के दिनों में सभी राजनीतिक दलों और उनके प्रत्याशियों ने आधी आबादी को लुभाने की कोई कसर नहीं छोड़ी।
मथुरा लोस सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 1682260 है, इसमें महिला वोटर 750471 हैं। महिला वोटरों की बहुलता और मतदान के दिन इनके महत्व को समझते हुये चुनाव प्रचार के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और उनके महिला परिजन इन वोटरों को अपने-अपने पाले में लाने के लिए दिन-रात एक करते रहे।
अंतापाड़ा निवासी कक्षा बारह की छात्रा जूही शर्मा इस चुनाव में पहली बार वोट डालने के लिये बेकरार हैं तो किरन शर्मा को भी मतदान के दिन का इंतजार हैं। इंदूपुरम कालोनी निवासी उर्वशी तिवारी ने बताया कि वह 24 अप्रैल को वोट डालने के बाद ही नाश्ता करेंगी। कालेज की प्रबंधक ब्रजबाला शुक्ला ने बताया कि उन समेत सभी महिला वोटर भारी संख्या में मतदान कर मथुरा जनपद की राजनीतिक दिशा तय करेंगी।
ये है महिला वोटरों की स्थिति
-मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र में कुल चार लाख 13 हजार 277 मतदाता संख्या में से महिला मतदाताओं की संख्या एक लाख 83 हजार 954 है। बल्देव विस क्षेत्र में 1 लाख 45 हजार 463 महिला मतदाता हैं। छाता में महिला वोटर 1 लाख 43 हजार 483, मांट में 1 लाख 37 हजार 403 महिलाएं और गोवर्धन विस क्षेत्र में सबसे कम 1 लाख 34 हजार 60 महिला मतदाता हैं।