बहुरने लगे कांशीराम कॉलोनी के दिन
जागरण संवाददाता, मैनपुरी : सरकार बदलते ही बदहाल कांशीराम कॉलोनी के दुर्दिन भी बहुरने लगे हैं। नगर पा
जागरण संवाददाता, मैनपुरी : सरकार बदलते ही बदहाल कांशीराम कॉलोनी के दुर्दिन भी बहुरने लगे हैं। नगर पालिका की टीम ने आजाद नगर कॉलोनी में पहुंचकर विशेष सफाई अभियान चलाया। तीन घंटों के अभियान में नालियों की सफाई के साथ कूड़ा निस्तारण के प्रबंध कराए गए। सफाई कार्य के बाद नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया।
अधिशासी अधिकारी रामपाल की अगुवाई में पालिका कर्मियों की टीम कांशीराम कॉलोनी आजाद नगर पहुंची। यहां आवासों के पिछले हिस्से में महीनों से सफाई नहीं कराई गई थी। सैप्टिक टैंकों में शौचालय की गंदगी नालियों में बह रही थी। जगह-जगह पर नालियां चोक थीं। सफाई कर्मियों ने सबसे पहले नालियों की गंदगी निकालकर जल निकासी के प्रबंध कराए। जेसीबी मशीन से आवासों के पीछे लगे कूडे़ के ढेर को हटवाया गया।
सेप्टिक टैंकों की शौचालयों की गंदगी नालियों में बह रही थी। इसे मशीन की मदद से साफ कराया गया। खुले पडे़ टैंकों में ढक्कन रखवाए गए। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि कॉलोनी में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जहां भी हैंडपंप खराब हैं, दो दिनों के अंदर उन्हें दुरुस्त करा दिया जाएगा। खंभों पर खराब पड़ी लाइटों को भी बदलवाया गया। ईओ ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वे बिजली चोरी जैसा अपराध न करें। बिजली बचाएं और प्रशासन को अपना सहयोग दें। सफाई होने के बाद नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव और शाम को फॉ¨गग कराई गई।
बॉक्स
पुलिस कर्मियों ने भी पकड़ा हाथ में झाडू
स्वच्छ भारत अभियान में अब पुलिस कर्मियों ने भी अपनी सहभागिता निभाना शुरु कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस लाइन से लेकर थानों और चौकियों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। पुलिस कर्मियों ने सुबह हाथों में झाडू और फावडे़ पकड़कर अपने परिसरों में लगे गंदगी के ढेर हटाने की मुहिम का आगाज कर दिया। मुहिम का असर भी नजर आया। कोतवाली परिसर में गंदगी हटाकर कूड़ादान में फेंकी गई। पुलिस लाइन में तो महीनों से सफाई कर्मी द्वारा झाडू नहीं लगाया गया था। यहां जगह-जगह पर गंदगी के ढेर लगे हुए थे। आजाद नगर चौकी तो बदहाल ही रही। यहां सफाई के प्रति जिम्मेदारों ने जागरुकता नहीं दिखाई। पॉलीथीन से लेकर कचरे का ढेर व्यवस्था को ही मुंह चिढ़ाता रहा।
बॉक्स
नगला पजाबा में सफाई व्यवस्था का विरोध
शहर के नगला पजाबा में सफाई कराने के लिए पहुंची पालिका की टीम को कुछ अराजक तत्वों के विरोध का सामना करना पड़ा। यहां जलभराव की समस्या लंबे समय से है। गलियों में निकलना भी दूभर हो जाता है। पालिका कर्मचारियों ने मशीन की मदद से पानी निकालने का प्रयास किया तो मुहल्ले के ही कुछ दबंग लोगों ने पालिका कर्मियों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। पहले तो व्यवस्था में व्यवधान डाला और बाद में काम रोककर कर्मचारियों को लौटा दिया।