अंतिम संस्कार को लेकर सांप्रदायिक तनाव
मैनपुरी, कुरावली : दलित महिला के अंतिम संस्कार के लिए शव को शमशान घाट ले जाया गया तो दूसरे समुदाय के
मैनपुरी, कुरावली : दलित महिला के अंतिम संस्कार के लिए शव को शमशान घाट ले जाया गया तो दूसरे समुदाय के लोगों ने संस्कार स्थान को अपने स्वामित्व का बताते हुए अंतिम संस्कार से रोक दिया। इस पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने तत्काल पैमाइश करने के बाद विवाद का समाधान निकाला।
कुरावली क्षेत्र के मौजा गंगापुर मोहम्मदपुर में स्थित गाटा संख्या 157 में शंखवार समाज का शमशान घाट है। लंबे अरसे से समाज के मृतकों के संस्कार इसी जमीन पर होते आए हैं। बुधवार को घरनाजपुर निवासी सभासद अजयपाल शंखवार की दादी का निधन हो गया। परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए शमशान घाट पहुंचे। तभी दूसरे समुदाय के सलीम खां निवासी मुहल्ला कानूनगोयान कस्बा कुरावली अपने परिजनों और साथियों के साथ वहां पहुंच गए। अंतिम संस्कार वाले स्थान को अपनी जमीन बताते हुए अंतिम संस्कार रुकवा दिया। इस बात की जानकारी और लोगों को हुई तो दोनों समुदायों के लोगों की भीड़ जमा होने लगी। मामला तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर राजेश कुमार यादव, तहसील कर्मियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के लोगों को समझाकर शांत किया। विवाद के निस्तारण के लिए अभिलेखों का निरीक्षण किया तो पता चला कि उक्त गाटा नंबर 157 शामिल खाते का नंबर है, जिसमें नगर पंचायत, शंखवार समाज और सलीम खां का हिस्सा है। सहमति के आधार पर अधिकारियों ने तीनों पक्षों का बंटवारा कर विवाद का निस्तारण कर दिया। तब कहीं जाकर शव का अंतिम संस्कार हो सका। हालांकि पुलिस ने किसी प्रकार के तनाव की बात से इन्कार किया है। एसडीएम सदर ने बताया कि मामले का निराकरण करा दिया है। किसी प्रकार के विवाद की स्थिति नहीं है।