मासूम पर तमंचा लगा महिला की अस्मत लूटी
बिछवां (मैनपुरी): मासूम बच्चे के साथ पति के इंतजार में खड़ी महिला को तीन लोगों ने हवस का शिकार बना
बिछवां (मैनपुरी): मासूम बच्चे के साथ पति के इंतजार में खड़ी महिला को तीन लोगों ने हवस का शिकार बना डाला। मासूम बच्चे को तमंचे से गोली मारने की धमकी देकर सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद फरार हो गए। एटा के सकीट थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना सकीट के एक गांव में रहने वाली 35 वर्षीय महिला शनिवार को पति के साथ रिश्तेदारी में भोगांव के पास आई थी। रविवार को उसका पति नगला मिट्ठू गांव चला गया और शाम को इमायदपुर बंबा के पास मिलने को कहा। महिला अपने एक साल के बेटे के साथ विरामपुर से बिछवां और वहां से टेंपो से इमायदपुर बंबा पहुंचकर पति का इंतजार करने लगी। आरोप के मुताबिक शाम साढ़े छह बजे चुनीपुर गांव निवासी धनपाल, गंगा प्रसाद और मुन्नालाल वहां पहुंच गए। महिला ने बताया कि तीनों तमंचे के बल पर उसे झाड़ियों की ओर ले गए। विरोध पर बच्चे को जान से मारने की धमकी देते हुए तीनों ने दुष्कर्म किया। इसके बाद धमकी देते हुए भाग निकले।
काफी देर तक घटनास्थल पर महिला बेहोश पड़ी रही। होश आने पर वह किसी तरह सड़क किनारे पहुंची। जहां उसका पति तलाश करते हुए मिल गया। देर रात महिला ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष बिछवां सतेंद्रपाल ¨सह ने बताया कि जानकारी मिली है कि आरोपियों का महिला से चुनीपुर गांव में किसी जमीन का विवाद चल रहा है। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।