युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या
मैनपुरी : पत्नी के बाद मायके से साथ न आने पर क्षुब्ध युवक ने पेट में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मैनपुरी : पत्नी के बाद मायके से साथ न आने पर क्षुब्ध युवक ने पेट में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पत्नी के परिजन अस्पताल पहुंचे तो दोनों पक्षों में टकराव हो गया। बाद में मौजूद लोगों ने मामला रफा-दफा करा दिया।
नगर के आगरा रोड पर कोठी सदरआला के पास रहने वाले अजय कुमार (22) पुत्र हरिश्चंद्र का विवाह तीन साल पहले बिछवां क्षेत्र के गांव जसरऊ निवासी ममता के साथ हुआ था। अजय, दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। जबकि उनकी पत्नी घर पर रहती थी। कुछ दिन पहले पत्नी गांव चली गई थी। तीन दिन पहले अजय घर लौटे। मंगलवार को सुबह पत्नी की विदा कराने जसरऊ गए। पत्नी बीमार थी, इसलिए उसने एक दिन बाद चलने की बात कही। जिस पर अजय नाराज होकर घर लौट आए।
परिजनों के मुताबिक ससुराल से लौटने के बाद से ही अजय मायूस दिखाई दे रहे थे। परिजनों ने मायूसी का कारण पूछा, लेकिन वे चुपचाप रहे। रात करीब 10 बजे उनके कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। घर के लोग दौड़कर कमरे में पहुंचे तो वे लहूलुहान पड़े थे। उनके पेट से खून बह रहा था। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सुबह घटना की जानकारी मृतक के ससुरालियों को मिली तो साला श्यामबरन व रामबरन अपने परिजनों के साथ अस्पताल पहुंच गए। यहां अजय के परिजनों ने घटना के लिए ससुरालियों को जिम्मेदार बताते हुए गाली गलौज शुरू कर दी। जिस पर दोनों ओर से टकराव हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
मृतक के साले श्यामबरन ने बताया कि मंगलवार को अजय नशे में धुत होकर ममता की विदा कराने आए थे। ममता बीमार थी। उसने एक दिन बाद चलने की बात कही तो अजय ने उसकी पिटाई कर दी और नाराज होकर वापस चले गए। घटना के बाद ममता का भी रो-रोकर बुरा हाल था।
किसान ने की फांसी लगाकर आत्महत्या
थाना करहल के गांव नगला चक निवासी विनोद कुमार (35) मंगलवार को शाम खेत की रखवाली करने के लिए घर से निकले थे। फिर लौटकर घर नहीं आए। सुबह उनकी लाश एक पेड़ पर लटकी मिली। परिजनों का कहना है कि विनोद ने आत्महत्या की है। वे लंबे अरसे से आर्थिक स्थिति को लेकर परेशान चल रहे थे। उन्होंने कर्ज लेकर आलू की फसल की थी। आलू को कोल्ड में डाल दिया था, लेकिन कीमत अच्छी न मिल पाने को लेकर वे परेशान थे। इसलिए आत्महत्या कर ली।