मुहल्ला भरतवाल में फैली बीमारी बनी अबूझ पहेली
मैनपुरी : मुहल्ला भरतवाल में फैली बीमारी स्वास्थ्य विभाग के लिए अबूझ पहेली बन गई है। अनजान बीमारी के
मैनपुरी : मुहल्ला भरतवाल में फैली बीमारी स्वास्थ्य विभाग के लिए अबूझ पहेली बन गई है। अनजान बीमारी के प्रकोप से यहां बीमार चल रहे लोगों का हाल जानने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को एक बार फिर लोगों का परीक्षण किया।
नगर के मुहल्ला भरतवाल में गर्मी जनित बीमारियों ने तेजी से पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को फिर से स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां पहुंची। मेडिकल ऑफीसर वाईपी दुबे के साथ डॉ. यूसी हजेला, अजय कुमार, अरविंद कुमार, समरपाल ने पैदल मुहल्ले का भ्रमण किया।
शुक्रवार को सात मरीजों की जांच की गई। चिकित्साधिकारी डॉ. दुबे ने बताया कि यहां चार दिनों से लगातार सर्वे किया जा रहा है। कोई बुखार से बीमार है तो किसी को शरीर में दर्द की शिकायत है। सभी मरीजों को पर्याप्त दवाएं देकर उनका उपचार किया जा रहा है।
चिकित्सकों का कहना है कि तमाम प्रयास करने के बावजूद लोग बीमारियों से बचाव के टीके लगवाने को राजी नहीं हो रहे हैं। यहां ज्यादातर लोग अंधविश्वास से ग्रसित हैं। नीम की पत्तियों और होम-हवन करके बीमारियों का उपचार करने पर ज्यादा जोर दे रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि हमने यहां के बुद्धिजीवियों की मदद ली है। अधिकांश लोग टीकाकरण के लिए राजी हो गए हैं। सोमवार को विस्तृत टीकाकरण कर मरीजों का उपचार कराया जाएगा। मेडिकल ऑफीसर डॉ. दुबे का कहना है कि मरीजों का उचित उपचार कर उन्हें पूर्ण राहत दिलाई जाएगी।