अंधेरी गलियों में कूड़े के ढेर
मैनपुरी : नगर पालिका परिषद क्षेत्र के मुहल्ला गोला बाजार में सफाई कर्मचारियों की मनमानी के चलते गलिय
मैनपुरी : नगर पालिका परिषद क्षेत्र के मुहल्ला गोला बाजार में सफाई कर्मचारियों की मनमानी के चलते गलियों कूड़े के ढेर लगे हैं। नालियां कीचड़ से पटी हैं। गलियों में रात को रोशनी के लिए लगी अधिकांश लाइटें खराब हैं। जिनकी शिकायतों के बाद भी सुनवाई न होने के लिए लोगों ने नगर पालिका को जिम्मेदार बताया है।
नगर पालिका परिषद के वार्ड 15 गोला बाजार में नियमित सफाई कार्य न होने से नालियों में जगह-जगह कूड़ा कचरा भरा है। जिससे घरों से निकलने वाला पानी नालियों में भरा रहता है। रुके पानी में पनप रहे मच्छर लोगों की नींद उड़ा रहे हैं।
क्षेत्र में कूड़ेदानों के अभाव में सड़कों पर कूड़ा पड़ा रहता है। जिसे सफाई कर्मी उठाते नहीं हैं। क्षेत्र में खंभों पर लाइटें तो लगाई गई हैं लेकिन खराब लाइटों की शिकायत के महीनों बाद भी उन्हें बदला नहीं गया। जिससे रात के समय अंधेरी गलियों से निकलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दैनिक जागरण टीम जब अपने नियमित अभियान के तहत मुहल्ला में पहुंची तो लोगों ने नगर पालिका पर शिकायतों पर ध्यान न देने का आरोप लगाया है।
बोले क्षेत्र के लोग
'मुहल्ला में सफाई के लिए लगे सफाई कर्मचारी नियमित सफाई करने नहीं आते हैं। घरों से निकलने वाला सड़कों पर पड़ा कूड़ा नालियों में भर जाता है।'
पंकज कुमार पाल।
'क्षेत्र से निकलने वाले कूड़ा को उठाने वाले कूड़ा वाहन न आने से खाली स्थानों पर पड़ा कूड़ा आवारा जानवर फैलाकर गंदगी करते हैं।'
अनंत कुमार।
'वार्ड की गलियों में लगे खंभों पर लगी लाइटों में आधे से अधिक महीनों से खराब पड़ी हैं। जिससे रात को गलियों में अंधेरा रहने से लोगों को निकलने में परेशानी होती है।'
अशोक कुमार।
'वार्ड की चौड़ी सड़कों वाले क्षेत्र में तो फॉगिंग एक बार की गई। गलियों में कभी फॉगिंग न होने से मच्छरों का प्रकोप है। मच्छर रात में लोगों को सोने नहीं देते हैं।'
भानुप्रताप।
'मुहल्ला की समस्याओं को लेकर लोगों ने सभासद से शिकायत की तो आश्वासन दिया गया। लेकिन एक भी समस्या का समाधान अभी तक नहीं किया गया है।'
गौरव कुमार।
'मुहल्लावासी कई बार सामूहिक रुप से नगर पालिका परिषद कार्यालय में पालिकाध्यक्ष से भी शिकायत कर चुके हैं। लेकिन सुनवाई नहीं की जाती है।'
रामदेव।
'वार्ड की समस्याओं के बारे में कई बार बोर्ड की बैठक में खराब लाइटों को बदलने का प्रस्ताव दिया, तो सामान व लाइटें आने पर बदलने का आश्वासन दिया गया। लेकिन लाइटें बदली नहीं गई। सफाई कर्मचारियों की शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं की जाती है।'
कमला देवी, क्षेत्रीय सभासद।
वार्ड की प्रमुख समस्या
क्षेत्र में गंदगी की सबसे अधिक समस्या है। यहां तैनात सफाई कर्मचारी नियमित सफाई कार्य नहीं करते हैं। जिससे हर तरफ कूड़ा फैलता रहता है। पालिका द्वारा क्षेत्र में कहीं भी कूड़ादान नहीं रखे गए हैं।
एक नजर
आबादी-7873, मतदाता-4327, पुरुष-2203, महिला-2824, हैंडपंप-57, खराब 2, लाइटें-57, खराब 26।