11 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बाकी
जागरण संवाददाता,मैनपुरी: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड हाइस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पु
जागरण संवाददाता,मैनपुरी: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड हाइस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन तीन केंद्रों पर खत्म हो चुका है। जबकि नरसिंह इंटर कॉलेज करहल पर 11026 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए बाकी हैं। बोर्ड ने केंद्र को दो दिन के अंदर सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा करने का निर्देश दिया है।
बोर्ड ने जिले में हाइस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए नेशनल इंटर कॉलेज भोगांव, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैनपुरी, राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी और नरसिंह इंटर कॉलेज करहल को केंद्र बनाया था। इन केंद्रों के लिए बोर्ड ने पहले तो तीन लाख उत्तर पुस्तिकाएं जांचने के लिए भेजीं। उसके बाद डेढ़ लाख उत्तर पुस्तिकाएं और बढ़ा दी गईं। तीसरी बार 50 हजार उत्तर पुस्तिकाओं को फिर बढ़ा दिया गया। चारों केंद्रों पर पांच लाख उत्तर पुस्तिकाओं को जांचने के लिए भेजा गया। जिसमें क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज ने तो 15 अप्रैल को ही मूल्यांकन कार्य खत्म कर दिया। जबकि राजकीय इंटर कॉलेज ने शनिवार को। नरसिंह इंटर कॉलेज करहल में अभी तक इंटरमीडिएट संस्कृत की 6502 तथा गृहविज्ञान की 4524 उत्तर पुस्तिकाएं शेष रह गई हैं।
'बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य आखिरी दौर में है। सिर्फ एक केंद्र पर ही उत्तर पुस्तिकाएं शेष रह गई है। जिसका सोमवार तक मूल्यांकन कर लिया जाएगा।'
राजेंद्र प्रसाद यादव, डीआइओएस।