सड़क हादसे में वृद्ध की मौत
मैनपुरी (अजीतगंज) : खेत की रखवाली करने गए एक वृद्ध की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। पुल
मैनपुरी (अजीतगंज) : खेत की रखवाली करने गए एक वृद्ध की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
एलाऊ क्षेत्र के गांव सगामई निवासी मसीह चरन (72) स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत होने के बाद गांव आकर रहने लगे थे। गुरुवार को सवेरे वह बिना भोजन किए खेत पर चले गए। दोपहर तक नहीं लौटे तो उनकी धेवती रजनी खाना लेकर खेत पर पहुंची तो देखा कि खेत के पास जागीर से नगला हुलासी जाने वाली सड़क किनारे उनका शव पड़ा है। ये देख रजनी तत्काल घर लौटी और परिजनों को जानकारी दी तो वह मौके पर पहुंच गए। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी तो वह भी पहुंच गई। मृतक के शरीर पर चोटों के तमाम निशान दिखाई दे रहे थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि बुजुर्ग की किसी वाहन की चपेट में आने के कारण मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की रिपोर्ट मृतक के भतीजे राजेंद्र कुमार ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दर्ज कराई है।
लाश को भी लूट लिया
परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले ही मसीह चरन अपनी पेंशन के दस हजार रुपये निकालकर लाए थे, जो उनकी जेब में रखे थे। वह एक सोने की अंगूठी भी पहने हुए थे, लेकिन जब उनका शव मिला तो जेब की नकदी और अंगूठी गायब थी। थानाध्यक्ष एलाऊ जीपी गौतम ने बताया कि उन्हें भी अंगूठी और नकदी गायब होने की सूचना मिली है। ये घटना किसी अराजक तत्व द्वारा की गई है। जिस सड़क किनारे बुजुर्ग की लाश मिली, उस पर लोगों का आवागमन काफी कम रहता है। इसी का फायदा उठाकर अराजक तत्व नकदी और अंगूठी निकाल ले गए होंगे।