कहीं बीमार न हो जाए आपकी त्वचा
मैनपुरी: होली के त्योहार की उमंग हर जगह नजर आ रही है। हर कोई हाथों में पिचकारियां और अबीर-गुलाल लिए
मैनपुरी: होली के त्योहार की उमंग हर जगह नजर आ रही है। हर कोई हाथों में पिचकारियां और अबीर-गुलाल लिए नजर आ रहा है। मगर, रंगों की यह फुहार कहीं आपकी त्वचा को बीमार न कर दे। रंग और अबीर में मिले घातक रसायन आपको बीमार बना सकते हैं।
रंगों में मिले रसायनों से नुकसान
- हरे रंग में ज्यादातर कॉपर सल्फेट की मिलावट की जाती है। कॉपर सल्फेट युक्त रंग का उपयोग करने से त्वचा पर दाने निकल आते हैं और उनमें जलन होती है। कभी-कभी आंखों की रोशनी भी जा सकती है।
- काले रंग में लेड ऑक्साइड की मात्रा मिली होती है। इस रासायनिक रंग से फेफड़ों पर असर तो पड़ता ही है, साथ ही आंखों की रोशनी जाने के साथ त्वचा का कैंसर होने की संभावना भी बढ़ जाती है।
- सिल्वर कलर में एल्यूमीनियम ब्रोमाइड मिला होता है। इस रंग के उपयोग से त्वचा की एलर्जी और बालों पर असर पड़ता है।
- लाल रंग में अधिकांशत: मर्करी सल्फेट की मिलावट होती है। इससे त्वचा संबंधी बीमारियों के अलावा आंखों के रेटिना पर प्रभाव पड़ता है।
रंग से खेलते समय बरतें ये सावधानियां
- होली से पहले किसी भी तरह के फेशियल से बचें।
- बाहर जाने से पहले त्वचा और चेहरे पर तेल, पेट्रोलियम जेली या फेस क्रीम की मोटी परत लगाएं।
- बालों को भी तेल लगाकर रखें ताकि डाइ और हानिकारक पदार्थ बालों व सिर की त्वचा को नुकसान न पहुंचा सकें।
- पूरी बाजू के कपडे़ पहनें।
- होली खेलने के बाद धूप में न बैठें। इससे त्वचा को और ज्यादा नुकसान हो सकता है।
- नाखूनों से रगड़कर रंग निकालने का प्रयास न करें। चेहरे और शरीर के रंग को साफ करने के लिए ग्रेन्यूलर स्क्रब का प्रयोग करें।
- बालों का रंग निकालने के लिए 2-3 बार उन्हें धोएं। नहाने के बाद शरीर व चेहरे पर ढेर सारा माश्चराइजर लगाएं।
-डॉ. गौरांग गुप्ता, त्वचा रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल, मैनपुरी।
बच्चों ने खेली फूलों की होली
मैनपुरी : रंग पर्व को लेकर बच्चों में सबसे ज्यादा उत्साह दिखाई दिया। बच्चों ने फूलों की होली खेलकर लोगों को पानी बचाने की प्रेरणा दी।
नगर के आगरा रोड स्थित सेंट्रल एकेडमी में गुरुवार की सुबह रंग पर्व का आयोजन किया गया। बच्चों ने मनोहारी रंगोली सजाकर सभी का मन मोह लिया। इसके बाद शुरू हुआ होली खेलने का सिलसिला। मासूम बच्चों ने लठ्ठमार होली खेलकर ब्रज की छटा बिखेरी। आकर्षक वेशभूषा में सज-धजकर तैयार हुए बच्चों ने लठ्ठमार फूलों की होली खेली।
दूसरे ग्रुप के बच्चों ने शिक्षिकाओं की मौजूदगी में पिचकारियों से खूब रंग उड़ाया। होली कार्यक्रम के बाद विद्यालय प्रबंधक ने सभी को उपहार भेंट कर रंग पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर प्रधानाचार्या शिखा शर्मा, मंजू शाक्य, मंजरी, आरजू, प्रीती, पूनम, गुंजन, सृष्टि, दर्शना आदि मौजूद थे।