होली पर चौकन्नी रहेगी पुलिस
मैनपुरी: होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। अराजकतत्वों पर प
मैनपुरी: होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। अराजकतत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने शांति व्यवस्था के लिए जिले में अतिरिक्त पुलिस तैनात की है। साथ ही अराजकतत्वों से निपटने के लिए कड़े निर्देश भी जारी किए हैं।
होली पर शराब के नशे में घूमने वाले लोगों द्वारा अक्सर शांति व्यवस्था को नुकसान पहुंचाए जाने के मामले सामने आते रहे हैं। नशेड़ी लोग झगड़ा फसाद कर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। इसलिए इस बार पुलिस की इन पर कड़ी नजर रखेगी।
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत सिंह ने बताया कि नशेड़ियों को सड़क पर नहीं घूमने दिया जाएगा। घूमते मिले तो उन्हें हवालात भेजा जाएगा। त्योहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कड़ी तैयारियां की हैं। गैर जनपद से भारी संख्या में पीएसी के जवान बुलाए गए हैं। साथ ही पुलिस लाइन, पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारियों के कार्यालय में तैनात पुलिस कर्मियों, अभियोजन कार्यालय में तैनात पुलिस कर्मियों एवं अदालतों में कार्यरत कोर्ट मुहर्रिरों को भी होली के दौरान शांति व्यवस्था की ड्यूटी पर लगाया गया है।
होली से पहले ही सभी थानों में क्षेत्रीय लोगों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था के लिए चर्चा की गई थी। जनता के लोग भी पुलिस के साथ हैं। इसलिए किसी भी आपराधिक घटना के घटित होने की संभावना नहीं है। एहतियात के तौर पर जहां पुलिस के लोग लगातार जनपद भर में गश्त करते रहेंगे। वहीं पुलिस अधिकारी भी भ्रमण करेंगे। किसी भी अवांछनीय हरकत को सहन नहीं किया जाएगा।