ऑनलाइन सदस्यता अभियान में रूचि नहीं ले रहे भाजपाई
मैनपुरी: भारतीय जनता पार्टी के ऑनलाइन सदस्यता अभियान में बूथ सदस्यता प्रभारी और मंडल सदस्यता प्रभारी
मैनपुरी: भारतीय जनता पार्टी के ऑनलाइन सदस्यता अभियान में बूथ सदस्यता प्रभारी और मंडल सदस्यता प्रभारी रुचि नहीं ले रहे हैं। शुक्रवार को नगर में लगाए गए ऑनलाइन सदस्यता शिविर में एक दर्जन से अधिक बूथ सदस्यता और मंडल सदस्यता प्रभारी नदारद रहे। शिविर में 152 लोगों को ऑनलाइन भाजपा की सदस्यता दी गई।
सदस्यता प्रवास प्रभारी पूर्व विधायक शिवसिंह चक ने कहा कि सदस्यता अभियान में बूथ और मंडल सदस्यता प्रभारी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। कुछ पदाधिकारी भी काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 19, 20 और 21 दिसंबर को सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने थे। उसके बाद भी तमाम पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वाहन नहीं कर रहे हैं। इन सभी की रिपोर्ट प्रांतीय नेतृत्व को दी जाएगी।
खरपरी में लगे सदस्यता शिविर में पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों और प्रधानमंत्री के प्रति देश का युवा भाजपा के साथ लगातार जुड़ रहा है।
जिला अध्यक्ष आलोक गुप्ता ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। इस मौके पर रमा तिवारी, अरविंद तोमर, अजयपाल सिंह चौहान, प्रदीप चौहान, सुमित चौहान, सौरभ राठौर, शिखर मोहन राजपूत, किशन चौहान, केडी चौहान, सुभाष दुबे, चंदू शुक्ला आदि मौजूद थे।