युवक पर फावड़े से हमला, घायल
मैनपुरी: मेड़ के विवाद को लेकर हमलावरों ने एक युवक पर फावड़े से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घाय
मैनपुरी: मेड़ के विवाद को लेकर हमलावरों ने एक युवक पर फावड़े से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं नाली विवाद को लेकर हमलावरों ने दो सगे भाइयों को मारपीट कर घायल कर दिया।
थाना बरनाहल इलाके के गांव तिकोना निवासी शिवमोहन का गांव के ही निवासी अनिल कुमार के साथ मेड़ को लेकर विवाद चल रहा है। इसी को लेकर दोनों पक्षों में टकराव होता रहता है। आरोप है कि शुक्रवार को सुबह शिवमोहन खेतों को जा रहा था तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की रिपोर्ट घायल के भाई शिवराज ने दूसरे पक्ष के अनिल, आशीष और विनोद के खिलाफ थाना बरनाहल में दर्ज कराई है।
दूसरी घटना में बेवर क्षेत्र के गांव सकत बेबर निवासी अर्जुन सिंह ने थाना बेबर में तहरीर देते हुए बताया कि उसके खेत के पास ही गांव के निवासी तिलक सिंह का खेत है। दोनों खेतों के बीच से सिंचाई के लिए नाली निकली है। शुक्रवार को वह अपने खेत की सिंचाई के लिए नाली से होकर पानी ले जा रहा था। तभी नाली कट जाने से पानी तिलक सिंह के खेत में चला गया। इस बात से नाराज होकर तिलक सिंह व उसके परिवार के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। उसे बचाने आए उसके भाई जगत किशोर को भी मारापीटा। पुलिस ने घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।