तकनीकी खेती को अपनाकर उन्नतशील बनें किसान
मैनपुरी, भोगांव: खेती में तकनीक का इस्तेमाल कर उन्नतशील फसलों को करने से किसानों की स्थिति समृद्धशाल
मैनपुरी, भोगांव: खेती में तकनीक का इस्तेमाल कर उन्नतशील फसलों को करने से किसानों की स्थिति समृद्धशाली बन सकती हैं। किसान खुशहाल होने पर राष्ट्र और समाज में हर ओर उन्नति और खुशहाली नजर आएगी। अन्नदाता किसानों को भी अपने काम को अंजाम देते समय विशेषज्ञों की सलाह का पूरा ख्याल रखना चाहिए और अच्छे उत्पादों के बीज और खाद को उपयोग में लाना चाहिए।
ये बात एसडीएम महेश चन्द्र गुप्ता ने नगर के एनडी कॉलेज में इफको द्वारा आयोजित रबी फसल विचार गोष्ठी के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि किसानों की तरक्की केलिए प्रदेश की सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार के सहयोग के लिए इफको ने भी कदम बढ़ाये हैं और जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई देंगे। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डॉ. राम कुमार यादव ने कहा कि किसानों को उन्नतशील बनाने के लिए इफको के उत्पाद बेहतर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रवी की फसलों का यह सबसे उपयुक्त समय है। किसान रबी की फसलों में रासायनिक उर्वरकों के साथ-साथ मृदा जीवांश का भी उपयोग करें। इफको के वैज्ञानिकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को विशेषज्ञों की सलाह पर हर हाल में अमल करना चाहिए। कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुभाष शर्मा ने गोष्ठी में मौजूद किसानों को आलू व लहसुन की फसलों की वैज्ञानिक खेती के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. शौकत अली ने मूंगफली की नई -नई प्रजातियों के बारे में किसानों को बताया। आगरा के डॉ. ओपी राजपूत ने विभिन्न फसलों के उपयोग में आने वाली दवाइयों के देशी नुस्खों के बारे में किसानों को विस्तृत जानकारियां दी। पूर्व में डीसीबी अध्यक्ष डॉ. रामकुमार व एसडीएम ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में इफको के राज्य विपणन प्रबंधक अजीजुर्रहमान, क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. लाखन सिंह, सीपी सिंह, एसके सिंह, नकुल सक्सेना, प्राचार्य डॉ. अजब सिंह यादव, रामौतार सिंह यादव, विद्याराम यादव, एसएस सिसौदिया, आदेश यादव, यूवी गौतम, अजीत सिंह, पीपी सिंह, चित्रांग सक्सेना, अन्नू दुवे, योगेन्द्र मलिक, मुलायम सिंह गैंती, ताले सिंह यादव, रूपलाल पाल प्रधान मौजूद थे।