गणपति बप्पा मोरया
मैनपुरी : पंचक मुहूर्त लगते ही गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला भी शुरू हो गया है। नाच-गाकर भक्त देवा को विदाई देने में व्यस्त दिख रहे हैं।
रविवार को नगर के मुहल्ला आवास विकास स्थित गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इससे पूर्व भक्तों ने गजानन की विधि विधान से आरती उतारी और पूजन किया। महिलाओं ने भगवान गणेश का आकर्षक श्रृंगार कर मोदकों का भोग लगाया।
बाद में भक्तों की टोली ने देवा को धूमधाम से विदाई दी। बैंड-बाजों की भक्तिमय धुनों पर नाचते-गाती महिलाओं एवं पुरुषों ने मुहल्ले भर में देवा की सवारी निकाली। जगह-जगह पर रथ को रोककर लोगों ने आरती उतारी और प्रसाद का वितरण किया।
थिरकते हुए भक्तों ने अबीर-गुलाल उड़ाते हुए गणपति के जयकारे लगाए। दोपहर को विधि-विधान से पूजन के बाद देवी रोड स्थित ईशन नदी में प्रतिमा का विसर्जन कर दिया गया।
इस मौके पर रामकृष्ण शुक्ला, अजय शुक्ला, रतन तिवारी, अभिषेक तिवारी, अखिलेश, अन्नू, डॉ. अनिल दुबे, ओमप्रकाश यादव, नीलम शुक्ला, उमा शुक्ला, नीतू, कमलेश, मिथलेश दुबे सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष मौजूद थे।