लाहुरीपुर में पक्का मार्ग बनवाने की मांग
मैनपुरी, बिछवां : विकास खंड मैनपुरी के डॉक्टर राममनोहर लोहिया में चयनित गांव करीमगंज के मौजा लाहुरीपुर की गलियां अभी तक कच्ची पड़ी है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गलियों को पक्का कराने की मांग की है।
गांव लाहुरीपुर में समस्याओं का अंबार है। यहां सफाई कर्मचारी कभी नहीं आता है। गांव में लगा नलकूप बीते छह माह से खराब पड़ा है। जिससे किसानों की फसलें सूख गई हैं। गांव के प्राथमिक विद्यालय में बीते वर्ष का वजीफा भी नहीं बांटा गया। गांव को जाने वाला संपर्क मार्ग में गड्ढे हो रहे हैं। जिसमें बारिश होने पर पानी भर जाता है।
मैनपुरी-करीमगंज मार्ग से गांव तक सड़क पर गिट्टी पड़ी है। बिछवां मार्ग से गांव तक जाने वाली सड़क कच्ची पड़ी हैं। जो किसानों ने पानी निकालने के लिए जगह-जगह काट दी हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए मार्ग को सही कराने की मांग की है। मांग करने वालों में राजू, सुरेश, रामसिंह, रवी, सोनू, रविंद्र, पप्पू, राजेश, शेखचंद्र शामिल थे।