टोकने पर बदमाशों ने वृद्ध को मार डाला
संवाद सूत्र, घिरोर (मैनपुरी): घिरोर क्षेत्र के ओय गांव के पास से गुजर रहे बदमाशों को टोकना बुजुर्ग को महंगा पड़ गया। बदमाशों की फायरिंग से बुजुर्ग, उनका पुत्र तथा पुत्रवधू घायल हो गए। इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि पुत्र तथा पुत्रवधू का इलाज सैफई में चल रहा है।
ओय निवासी रामनाथ (65) का घर गांव किनारे पर है। बुधवार रात वह अपने घर के बाहर सो रहे थे। रात करीब एक बजे 4- 5 असलहाधारी बदमाश उधर से भागते हुए गुजरे। बुजुर्ग ने उन्हें टोकते हुए पूछा कि कौन हो भाई। इस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर घर के अंदर सो रहा बुजुर्ग का पुत्र अनिल कुमार (35) व पुत्रवधू निर्मला (32) बाहर निकल आए, तो बदमाशों ने उन्हें भी निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीनों लोग घायल हो गए। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर घर के बाहर सो रही पड़ोसी बल बहादुर की पत्नी के कुंडल भी बदमाशों ने लूट लिए और फरार हो गए।
गोलियां चलने की आवाज सुनते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को सैफई के मिनी पीजीआइ पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि उनके पुत्र व पुत्रवधू का उपचार चल रहा है।
घटना को लेकर थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष घिरोर देवेश शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के तह में जाने का प्रयास कर रही है।
चोरी की बंदूक से गोलियां चलाने का अनुमान
फायरिंग की इस घटना से कुछ देर पहले ही खेत पर सिंचाई कर रहे किसान की लाइसेंसी बंदूक उसके लोडर वाहन से चोरी चली गई थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी बंदूक से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है।
ओय निवासी भूरे सिंह घटना के समय अपने खेत की सिंचाई कर रहा था। उसकी लाइसेंसी बंदूक खेत के पास खड़े उसके लोडर वाहन की केबिन में रखी थी। केबिन की खिड़की को किसान ने लॉक कर दिया था। पास ही उसके पिता सो रहे थे। पानी लगाकर भूरे सिंह लोडर वाहन पर आया तो देखा उसकी खिड़की खुली हुई है। अंदर देखा तो बंदूक गायब थी। इस घटना के कुछ देर बाद ही फायरिंग होने लगी। भूरे सिंह का कहना है कि फायरिंग करने वाले बदमाशों ने ही उसकी बंदूक चोरी की है। उसने गांव के दो युवकों पर बंदूक चोरी करने का शक भी जाहिर किया है। पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।