ससुराल आए युवक की जहर खाने से मौत
जागरण संवाददाता, मैनपुरी: पत्नी की विदा न किए जाने से क्षुब्ध फीरोजाबाद के युवक ने ससुराल में आकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने ससुरालियों पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं अन्य स्थानों पर तीन युवकों ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
जनपद फीरोजाबाद के थाना फरिहा के गांव मढ़ा निवासी जयवीर सिंह का विवाह कांशीराम कॉलोनी कीरतपुर निवासी मुन्नालाल की पुत्री पूजा के साथ हुआ था। बुधवार को जयवीर सिंह पत्नी की विदा कराने के लिए आया था। लेकिन ससुरालियों ने विदा नहीं की। गुरुवार की दोपहर वह अचेत हालत में नगर में कुसमरा बस स्टैंड पर पड़ा मिला। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां रात में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही उसके परिजन जिला अस्पताल आ गए। जहर देकर हत्या की रिपोर्ट मृतक के चाचा बिरजेंद्र कुमार ने मृतक के ससुर मुन्नालाल, सास सिया देवी तथा पत्नी पूजा के विरुद्ध दर्ज कराई है। प्रभारी इंचार्ज कोतवाली आरके चौधरी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।
दूसरी घटना में दन्नाहार क्षेत्र के गांव नगला मांझ निवासी राजेंद्र सिंह ने गुरुवार रात 9 बजे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। तीसरी घटना में बेवर के टाकीज रोड निवासी राजवीर सिंह ने शुक्रवार दोपहर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। एक अन्य घटना में जनपद शाहजहांपुर के गांव वेदापुर निवासी अखिलेश मैनपुरी में स्थित अपनी रिश्तेदारी में आया था। जहां उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।