त्योहारों के आते ही मिलावटी कारोबार को लगे पंख
मैनपुरी : त्यौहारों को देखते हुए मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं। बाजार में दूषित वस्तुओं की बिक्री जोर पकड़ चुकी है। ऐसे में खाद्य विभाग द्वारा छापामार कार्रवाई न किए जाने से मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं।
जनपद में मिलावटी वस्तुओं की बिक्री खुलेआम हो रही है। त्यौहारों को देखते हुए मिलावटखोरों ने बडे़ पैमाने पर दूषित मावा और मिठाइयां तैयार कर ली हैं। बाजार में मिलावटी पनीर, खोया, सिंथेटिक दही, नकली मावा की बिक्री जोर-शोर से शुरू हो गई है। मिलावटखोर चोरी छिपे दूषित खोये की सप्लाई भी करा रहे हैं।
सोमवार को एक चार पहिया वाहन में रखे कनस्तरों में मिलावटी खोया छिपाकर ले जाया जा रहा था। सड़क किनारे खड़ी कार की तस्वीरें लिए जाते ही चालक कार को ले भागा। खाद्य विभाग द्वारा अभी तक मिलावटखोरों के खिलाफ कोई अभियान नहीं चलाया गया है।
'योजना तैयार कर ली गई है। सघन छापामार अभियान चलाकर मिलावटखोरों पर कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में 19 मई को नगर में बनने वाले मोलका ब्रांड के शीतल पेय को जांच के लिए भेजा गया था। इसमें दूषित पदार्थो की पुष्टि हुई है। मामले में अभियोजन की कार्रवाई की जा रही है।'
संजीव कुमार, मुख्य खाद्य निरीक्षक, मैनपुरी।