त्योहारों पर शांति बनाए रखने की अपील
मैनपुरी, भोगांव: ईद और रक्षाबंधन के त्योहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शांति समिति की बैठक आयोजित कर दोनों समुदायों के लोगों से सांप्रदायिक सौहार्द की भावना को बनाए रखने के लिए आवश्यक सुझाव मांगे गए और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर बेहतर इंतजाम करने का भरोसा दिया।
सोमवार को थाना कोतवाली परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में एसडीएम विमल अग्रवाल ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं। सीओ रामानंद कुशवाहा ने कहा कि त्योहारों पर नगर में हमेशा हिंदू, मुस्लिम एकता की झलक दिखाई दी है। ईद पर भी दोनों ही समुदायों के लोग पुरानी परंपराओं को निर्वहन कर प्यार और मोहब्बत से त्योहार को मनाएं। उन्होंने बैठक में मौजूद लोगों को बताया कि ईद के दिन सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहेंगे और नमाज के दौरान ईदगाह के आसपास यातायात रोक दिया जाएगा। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को त्योहार पर शांति व्यवस्था के लिए आवश्यक सुझाव भी दिये। इस दौरान रामौतार सिंह यादव, जामा मस्जिद के सदर शकील उर्फ फूल मियां, हमीद अंसारी, जगत सिंह यादव, हृदेश पांडेय, शिवशंकर वर्मा, अजय पांडेय, हिदायत वारिस, कौशलेन्द्र चौहान, एहसान खान, डॉ. ब्रजेश शाक्य, सत्यपाल शाक्य मौजूद थे।