ग्राम प्रधान पर हथगोले से हमला
मैनपुरी, कटरा समान: किशनी थाना क्षेत्र के गांव कमलपुर के प्रधान पर मंगलवार दोपहर जानलेवा हमला किया गया। मारुति वैन सवार बदमाशों ने उन पर हथगोले से हमला किया। वारदात में ग्राम प्रधान तो बाल- बाल बच गए लेकिन उनकी बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई। हमले के बाद भाग रहे बदमाशों की वैन पलट गई। ग्रामीणों ने तीन बदमाशों को दबोचकर उनकी जमकर धुनाई की। जबकि एक हमलावर मौका पाकर भाग निकला।
कमलपुर के ग्राम प्रधान ईश्वर दयाल जाटव की इसी ग्राम सभा के मजरा फत्तेपुर दौलतपुर निवासी विपिन से पुरानी रंजिश चली आ रही है। मंगलवार को ग्राम प्रधान अपनी बोलेरो से किसी काम से कटरा गांव आए थे। करीब ढाई बजे वह वापस जा रहे थे। अभी वह नैगवां के पास ही पहुंचे थे, तभी सामने आ रही मारुति वैन में सवार कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी पर हथगोला फेंक दिया। हथगोला बोलेरो के पिछले हिस्से में गिरकर फट गया। ग्राम प्रधान के साथ उनका चालक और एक पारिवारिक सदस्य भी थे। हमले के बाद हमलावर वैन से भागने लगे, तभी उनकी वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। यह देख प्रधान ने शोर मचा दिया तो मौके पर ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों को देख विपिन मौके से भाग गया, लेकिन साधूराम निवासी दौलतपुर, कैलाश व संजय निवासी कमलपुर को ग्रामीणों ने धर दबोचा। तीनों की जमकर पिटाई की। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। बाद में ग्रामीणों ने तीनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस को मारुति वैन की तलाशी में एक देसी बंदूक, तमंचा व काफी कारतूस मिले। सीओ भोगांव रामानंद कुशवाहा भी मौके पर पहुंच गए। सीओ ने बताया कि दोनों की काफी समय से रंजिश चल रही है। इसी के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
नौ साल पहले शुरू हुई थी रंजिश
2005 में ग्राम प्रधानी के चुनाव में ईश्वर दयाल की पत्नी चुनाव लड़ी थी। तब विपिन ने समर्थन कर जिताया था। एक साल बाद गांव में विपिन के खिलाफ रेप का मामला दर्ज हुआ। इसमें ईश्वर दयाल ने विपिन की खिलाफत की और विपिन को जेल हो गई। तभी से दोनों पक्षों में वर्चस्व की लड़ाई शुरू हो गई। तब से प्रधान पर पूर्व में दो बार हमला हुआ है। इधर विपिन के भाई आदेश की करीब एक साल पहले हत्या कर दी गई। इसमें ईश्वर दयाल जेल गए थे।
इधर ग्राम प्रधान ईश्वर दयाल ने विपिन पांडेय, ओंकार, संजय, कैलाश और साधूराम के खिलाफ देर शाम रिपोर्ट दर्ज कराई। उधर, इस मामले में हमले मे शामिल रहे ओंकार को भी पकड़ लिया गया। एक हथगोला हाथ में दंगने से ओंकार घायल हो गया है। पुलिस विपिन पांडेय की तलाश कर रही है।