पानी में डूबकर एक युवक की मौत, एक लापता
मैनपुरी: कुरावली क्षेत्र में काली नदी पर पुल निर्माण के कार्य में जुटे एक मजदूर की नदी में डूबकर मौत हो गई। वहीं पशु चराने गया युवक नहर में डूब गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
थाना कुरावली क्षेत्र में गांव अलूपुरा के पास काली नदी पर पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। गाजियाबाद के इस्लाम नगर निवासी पाल सिंह भी उक्त पुल निर्माण के कार्य में जुटा हुआ था। बुधवार की शाम काम करते समय किसी प्रकार पाल सिंह का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। मौजूद उसके साथियों ने जब तक उसे नदी से बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इधर थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव झिझाई निवासी राजबहादुर (17) गुरुवार को दोपहर सिंहपुर नहर के निकट पशु चरा रहा था। तभी उसकी भैंस नहर में घुस गई। युवक भैंस को निकालने के लिए नहर में घुसा, तो भैंस बाहर आ गई, लेकिन युवक नहर में डूब गया।
आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। जानकारी मिलते ही युवक के परिजन मौके पर पहुंच गए। कोतवाली पुलिस और फायर कर्मचारी भी घटनास्थल पर आ गए और नहर में डूबे युवक की तलाश शुरू की। गोताखोरों को भी बुलाकर लगाया गया। लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला। शाम तक गोताखोर तथा फायर बिग्रेड के लोग युवक की तलाश कर रहे थे।