महिला को बाइक पर बैठाया तो परिजनों ने की धुनाई
मैनपुरी (भोगांव): पैदल महिला यात्री की मदद युवक को भारी पड़ गयी। महिला के परिजनों ने दोनों को एक साथ बाइक पर बैठा देखा तो उनका पारा चढ़ गया और आनन फानन में दोनों की धुनाई कर डाली। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। अब पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम दलपतपुर निवासी सतेन्द्र सिंह पुत्र महाराज सिंह गांव में संचालित एक भट्ठे पर चौकीदारी का कार्य करता है। रविवार की शाम लगभग 5 बजे वह अपनी बाइक से दवा लेने ग्राम रजवाना जा रहा था। रास्ते में उसे ग्राम बरहट निवासी एक विवाहिता मिली। उक्त महिला का पति उसके साथ भट्ठे पर कार्य करता था। इसी आधार पर सतेन्द्र ने पैदल यात्री महिला को बाइक पर बैठा लिया। गांव से गुजरते हुए दोनों को महिला के परिजनों ने जैसे ही देखा वैसा ही उनका पारा चढ़ गया और बाइक को रूकवा कर सतेन्द्र और महिला की जमकर धुनाई कर डाली। बुरी तरह पिटे युवक ने कोतवाली पहुंचकर महिला के परिजनों के विरूद्ध मामला दर्ज करा दिया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर