पथ प्रकाश व्यवस्था ध्वस्त, उचक्कों की चांदी
महराजगंज: शहर में पथ प्रकाश व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। फरेंदा रोड संग आधा दर्जन वार्डों में स्ट्रीट ल
महराजगंज: शहर में पथ प्रकाश व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। फरेंदा रोड संग आधा दर्जन वार्डों में स्ट्रीट लाइट खराब हो गई है। इससे शाम होते ही इन वार्डों की सड़कें अंधेरे में डूब जाती हैं और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो जाते हैं।
शहर में स्थित लोहिया नगर, आजाद नगर, वीर बहादुर नगर, शिवनगर, राजीव नगर व सिविल लाइन वार्ड में सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइट एक माह पहले खराब हुई। इसे ठीक कराने के लिए नागरिकों ने पहले सभासदों से कहा और समस्याओं का समाधान न होने पर अधिशासी अधिकारी व चेयरमैन को ज्ञापन सौंपा। दोनों ने सप्ताह भीतर खराब सोडियम लाइट बदल कर नया लगाने का भरोसा दिलाया पर दो सप्ताह हो गए पथ प्रकाश व्यवस्था ठीक नहीं कराई गई। एक भी सोडियम नहीं बदले गए। इससे नागरिकों में आक्रोश है।
लोहिया नगर के राजेश खरवार, दीनानाथ पटेल, अवधेश वर्मा, राजीव नगर के अशोक तिवारी, रजनीश गुप्त, अर¨वद श्रीवास्तव, सिविल लाइन वार्ड के आनंद गुप्त, सीताराम जायसवाल, घनश्याम गुप्त, शिवनगर के राकेश पटेल, राम लखन, राजेंद्र दुबे आदि नागरिकों ने कहा कि सोडियम खराब होने से वार्ड की सड़कों पर अंधेरा छा जाता है। इससे दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है। अंधेरे के कारण महिलाएं शाम को घरों से नहीं निकलतीं। क्योंकि माह भीतर लोहिया नगर व सिविल लाइन में आधा दर्जन महिलाओं की चेन बदमाश छीन चुके हैं। शाम को अंधेरा होने के बाद छिनैती की बढ़ती घटनाओं से महिलाओं में दहशत है । सभी नागरिकों ने खराब स्ट्रीट लाइट बदलवाने की मांग डीएम से की है।
--
चुनाव में कर्मचारियों की ड्यूटी लगने से खराब सोडियम लैंप बदलने में दिक्कत हो रही है। चुनाव बाद खराब सोडियम बदलकर नए लगा दिए जाएंगे और पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करा दी जाएगी।
कृष्णकांत मिश्र, अधिशासी अधिकारी