ठंडक से फरेन्दा में तीन की मौत
महराजगंज: फरेन्दा क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। तहसील क्षेत्र के फरेन्दा व धानी विकास खण्ड में सोमवार की सुबह व रात में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। इस बावत परिजनों द्वारा स्थानीय प्रशासन को सूचना दे दी गई है।
पहली घटना फरेन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लेजार महदेवा के टोला सेखुअहवा गांव की है। इस गांव की रहने वाली सुमन पत्नी विनय (26) की सोमवार की रात दो बजे मेडिकल कालेज में मौत हो गई। परिजनों की माने तो सोमवार की सुबह स्नान करते समय उसका शरीर कापने लगा। परिजन जब तक कुछ समझ पाते वह जमीन पर गिर गई। आनन फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकटी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सुमन का पति विनय चेन्नई में कार्य करता है। मृतका के दस वर्षीय पुत्र ने उसको मुखाग्नि दी । ग्राम प्रधान विनोद चौधरी ने प्रशासन से मृतका के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग किया है। हमारे धानी प्रतिनिधि के मुताबिक विकास खण्ड के ग्राम कानापार निवासी फूलचंद अग्रहरि पुत्र गणेश (55) का शरीर सोमवार की सुबह कांपने लगा। परिजन जब तक कुछ समझ पाते इनकी मौत हो गई। फूलचद को मुखाग्नि उनकी पत्नी भोली देवी ने दिया। इसी क्रम में सोमवार की सुबह ही धानी गांव निवासी अशोक मणि पुत्र हरिराम मणि 60 बिस्तर पर मृत पाये गए। इनका पूरा शरीर ठंड के कारण अकड़ गया था।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर