चक्रवाती तूफान से तबाही, एक की मौत, एक दर्जन घायल
जागरण संवाददाता, महराजगंज : जनपद में बुधवार की शाम को चक्रवाती तूफान से भीषण तबाही हुई है। दर्जनो
जागरण संवाददाता, महराजगंज : जनपद में बुधवार की शाम को चक्रवाती तूफान से भीषण तबाही हुई है। दर्जनों स्थानों पर विद्युत पोल, वृक्ष व टिन शेड धराशायी हो गए। पेड़ों के गिरने से दो मार्गों पर आवागमन ठप हो गया और बिजली आपूर्ति ठप हो गयी। एक लड़की की मौत हो गयी और महिला समेत एक दर्जन लोग घायल हो गए। तूफान के बाद हुई वर्षा से मौसम नरम हो गया और गर्मी से राहत मिली।
शाम को करीब साढ़े चार बजे चक्रवाती तूफान आया और आधे घंटे में ही पूरे जिले में तबाही मचाने के बाद कुशीनगर की ओर बढ़ गया। इससे सक्सेना चौक-फरेंदा मार्ग पर एक दर्जन बिजली के पोल टूट गए और आधा दर्जन पेड़ उखड़ गए। छह मकानों के टीन शेड उड़ गए। दीवानी कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं के चेंबर पर पेड़ गिरने से दहशत फैल गयी। अधिवक्ता विजय नरायन ¨सह ने बताया कि चक्रवाती तूफान में पेड़े गिरने से कई अधिवक्ताओं के चेम्बर धराशायी हो गए। फरेंदा थाना अंतर्गत ग्राम सभा महदेवा में आम बीनने गयी 13 वर्षीय ऊषा पर पेड़ की डाल गिर गयी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। परिजनों ने बताया कि मृत ऊषा मूल रूप से संत कबीर नगर जिले के ग्राम महुअवा की निवासी थी और अपने ननिहाल फरेंदा में आयी थी। उधर लेहड़ा मंदिर परिसर में पेड़ गिरने से दर्जन भर दुकाने ध्वस्त हो गई।
पनियरा क्षेत्र में एक दर्जन मकानों के टीन शेड उड़ गए। एक दर्जन से अधिक वृक्ष व दो दर्जन बिजली के पोल उखड़ने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गयी। क्षेत्र के ग्राम सभा नेवास में पोखर टोला स्थित बाग में आम बीनने गयी पचास वर्षीय मालती देवी पत्नी पारस गुप्त पेड़ गिरने से घायल हो गयीं। महिला का सिर फट गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी क्षेत्र के सोहास गांव में दीवार गिरने से 26 वर्षीय ¨पटू यादव पुत्र राम किशुन घायल हो गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खैंचा बाजार में चक्रवाती तूफान से फर्नीचर की दुकान धराशायी हो गयी। आनंदनगर कार्यालय के अनुसार चक्रवाती तूफान से क्षेत्र में भीषण तबाही मच गयी। दर्जनों पेड़, पोल व टीन शेड धराशायी हो गए और मथुरानगर स्थित कंजड़ बस्ती में टीन शेड व पेड़ गिरने से छह लोग घायल हो गए। भिटौली प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के पचरुखिया तिवारी के पास लोक निर्माण विभाग का गिट्टी प्लांट गिरने से 18 वर्षीय दीपू निवासी इंदरपुर थाना कप्तानंगज जनपद कुशीनगर व 19 वर्षीय अभिमन्यु निवासी परतावल बाजार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी गांव में पेड़ गिरने से मनरेगा के दो मजदूर भी घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घुघली प्रतिनिधि के अनुसार घुघली-कप्तानगंज मार्ग के जखीरा चौराहे पर विशाल पेड़ गिरने से आवागमन ठप हो गया। कतरारी प्रतिनिधि के अनुसार गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर कतरारी में चक्रवात से विशाल आम का पेड़ गिरने से आवागमन ठप हो गया। लोक निर्माण विभाग के लोगों ने डालियां काट कर छोड़ी गाड़ियों के निकलने के लिए रास्ता बना दिया है पर बस व ट्रक नहीं निकल पा रहे हैं। परतावल, सिसवा बाजार, कोठीभारी, बागापार, शिकारपुर, भिटौली, ठूठीबारी,अड्उा बाजार, बरगदवा, लक्ष्मीपुर, श्यामदेउरवा व गड़ौरा प्रतिनिधियों के अनुसार चक्रवात ने भारी तबाह मचायी है और दर्जनों पेड़ व बिजली के पोल उखड़ गए। इस तूफान से आम की फसल को भारी क्षति पहुंची है। हर बाग में आधे से अधिक आम के फल जमीन पर गिरने से भारी क्षति हुई है। चक्रवात के बाद हुई बारिश से मौसम नरम हो गया और गर्मी से निजात मिल गयी।