आंधी से शहर में 8 व ग्रामीण क्षेत्र में 10 घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
महराजगंज : जिले में सोमवार को आंधी आने से कई पेड़ उखड़ गए। ढीले तारों के आपस में टकराने से दो दर्जन स्
महराजगंज : जिले में सोमवार को आंधी आने से कई पेड़ उखड़ गए। ढीले तारों के आपस में टकराने से दो दर्जन स्थानों पर फाल्ट हुआ और इसी के साथ विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। शहर में सुबह आठ बजे कटी बिजली शाम को चार बजे आई। इस दौरान नगर में जलापूर्ति ठप रही।
ग्रामीण क्षेत्रों में चौक, निचलौल, मिठौरा, परतावल, पनियरा, घुघली व सिसवा बाजार में भी दिन भर बिजली का आपूर्ति ठप रही। दो दर्जन स्थानों पर हुए फाल्ट को ठीक करने में बिजली कर्मचारियों को आठ से 12 घंटे लगे। शहर में छह स्थानों पर हुआ फाल्ट आठ घंटे में ठीक हुआ और तब जाकर कलेक्ट्रेट समेत मुख्यालय फीडर से जुड़े बीस हजार घरों में शाम चार बजे बिजली की आपूर्ति बहाल हुई।
निचलौल, सिसवा बाजार, घुघली, पनियरा, चेहरी व परतावल क्षेत्र में दस घंटे की लगातार कटौती के बाद शाम छह बजे आपूर्ति बहाल हुई।
चौक फीडर का फाल्ट रात आठ बजे तक ठीक नहीं हो पाया था। इससे चौक फीडर से जुड़े उपभोक्ता लगातार चौथे दिन भी अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
अधिशासी अभियंता घनश्याम मिश्र ने बताया कि आंधी के बाद वर्षा शुरू होने के कारण फाल्ट ठीक होने में देर हुई। उन्होंने बताया कि चौक को छोड़कर शेष सभी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल हो गयी है। चौक में भी देर रात तक फाल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास जारी है।
--------------