बेमौसम बारिश ने रोकी रफ्तार, घरों में ठिठुरे लोग
महराजगंज: सोमवार की सुबह से आरंभ हुई बेमौसम बारिश ने लोगों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। गई ठंड वाप
महराजगंज:
सोमवार की सुबह से आरंभ हुई बेमौसम बारिश ने लोगों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। गई ठंड वापस लौटी तो लोग घरों में ठिठुरने के लिए मजबूर हो गए। इस बारिश से जहां ग्रामीण क्षेत्रों के किसान अपनी तैयार फसलों को बर्बाद होता देख कर परेशान हैं वहीं नगर क्षेत्र में जल जमाव से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया।
नौतनवां कार्यालय के अनुसार सोमवार भोर से शुरू हुई बारिश रूक रूक कर शाम तक होती रही। बारिश के चलते अधिकांश कर्मचारी व अधिकारी समय से कार्यालय नहीं पहुंच पाए। जिला मुख्यालय कार्यालय में अधिकांश विभागों में सन्नाटा पसरा हुआ था। वहीं अपनी ड्यूटी प्रति जागरूक कुछ कर्मचारी बरसात में भिगते हुए कार्यालय पहुंचे। बरसात के चलते देर शाम तक गुलजार रहने वाली बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। बड़ी आवश्यकता पड़ने पर ही लोग अपने घर से बाहर निकले। अपने काम को जल्दी निपटा कर घर पहुंचने की सबको तेजी थी। इधर व्यापारियों का कहना है कि बारिश से इनका व्यापार प्रभावित हुआ है। सामान्य दिनों के अपेक्षा कम बिक्री हुई है। वहीं पटरी पर दुकान लगाकर सब्जी बेचने वाले बिक्री न होने से परेशान रहे।