समस्याओं को लेकर भाकियू का धरना
महराजगंज : विकास खण्ड परिसर में गुरूवार को भारतीय मजदूर किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं नें पांच सूत
महराजगंज :
विकास खण्ड परिसर में गुरूवार को भारतीय मजदूर किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं नें पांच सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश प्रजापति के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उप नगर के विभिन्न मार्गो से प्रदर्शन करते हुए ब्लाक मुख्यालय पर बैठ गये।
धरना स्थल पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए अध्यक्ष कैलाश प्रजापति ने कहा कि विकास खण्ड के ग्राम सभा गौरा दुबे, खुड़री, होरिलापुर, फटकदौना, मधवलिया, बौलिया, लक्ष्मीपुर एकडंगा, रतनपुर, बरवां द्वारिका, लोहेपार, परसा गिदही, गोपाला सहित दर्जन गांवों में पेंशन नही दिलाया जा रहा है। लोहिया ग्राम पंचायतों में पात्रों को छोड़कर अपात्रों का चयन किया जा रहा है, कोटेदारों द्वारा राशन के लिए निर्धारित मूल्य से अधिक उपभोक्ताओं से लिया जा रहा है। समाजवादी पेंशन योजना में ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। वक्ताओं ने कहा है कि विधवा, वृद्धा व विकलांग पेंशन के लिए शिविर लगा कर चयन किया जाए तथा एक ही स्थान पर वर्षो से रह रहे कर्मचारियों का स्थानान्तरण किया जाए।
धरना को प्रदेश अध्यक्ष गुलाबी देवी, रमावती, सुभाष सिंह, मुरली, गौतम, जहीर, खुशबू निशा, जवाहिर, रामवचन साहनी, दशरथ प्रजापति आदि ने भी सम्बोधित किया।