नहीं खुला रैन बसेरा, जिम्मेदार बेफिक्र
महराजगंज: ठंड ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह शाम पड़ रही गलन भरी ठंड से जहां आम जन ठिठुर
महराजगंज:
ठंड ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह शाम पड़ रही गलन भरी ठंड से जहां आम जन ठिठुर रहे है। वहीं प्रशासन अभी तक ठंड से बेखबर है। गरीबों को ठंड से बचाने के लिए प्रशासन के तरफ से कोई पहल नजर नहीं आ रहा है। हालात ये है पुरानी तहसील परिसर में बन कर तैयार रैन बसेरा अभी तक गरीबों के लिए नहीं खोला गया। नगर पालिका परिसर के एक कमरे में ठंड से बचाने के लिए अस्थाई रैन बसेरा बनाया जाता है। नपा प्रशासन एक कमरे में कंबल डाल कर गरीबों को ठंड से बचाने की व्यवस्था करती थी। इस वर्ष अब तक अस्थाई रैन बसेरा का भी कहीं अता पता नहीं है। जिस कमरे में अस्थाई रैन बसेरा बनाया जाता था उसी कमरे में कार्यालय स्थापित कर दिया गया है। उसके बगल के कमरे में गोदाम बना दिया गया है। रात में दुकान के आगे लगा टिन शेड में दुबक कर बैठे अक्सर गरीब देखे जाते है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा अब तक इन गरीबों को ठंड से बचाने के लिए अलाव तक की भी व्यवस्था नहीं किया है। जिससे रात में ठंड से बचने के लिए गरीब अलाव का सहारा लें सकें। एक स्थानीय व्यक्ति का कहना है पुरानी तहसील में बना रैन बसेरा निर्माण के समय घोर लापरवाही बरती गई है। बरसात के समय छत से पानी टपकता है। गरीब के लिए तैयार किए गए बसेरा में भी जिम्मेदार लोग न्याय नहीं किए है। स्वयं सेवी संस्था में अभी तक आगे आते नहीं दिख रही है। अब तक गरीबों में कंबल तक नहीं वितरित किया गया।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रीता भारती का कहना है गरीबों को ठंड से बचाने के लिए रैन बसेरा खोलने का निर्देश दिया गया है। नगर पालिका परिषद में एक अस्थाई रैन बसेरा की व्यवस्था किया गया है। जबकि तहसील परिसर में स्थाई रैन बसेरा में सभी व्यवस्था कर शीघ्र खोल दिया जाएगा। नगर के मुख्य मुख्य चौराहों पर अलाव की व्यवस्था शीघ्र कर दिया जाएगा। गरीबों को ठंड से बचाने के लिए नपा पुरी तरह से तैयार है। इसमें कहीं से कोई दिक्कत नहीं आने पाएगी।